सिद्धार्थनगर में पुलिस का अनोखा अंदाज! हेलमेट वालों को फूलों का गुलदस्ता, बिना हेलमेट वालों के हाथ में थमाया चालान!

सिद्धार्थनगर के उसका बाजार में यातायात माह के तहत पुलिस ने अनोखा जागरूकता अभियान चलाया। हेलमेट पहनकर यातायात नियमों का पालन करने वाले वाहन चालकों को पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया, जबकि बिना हेलमेट और अधूरे कागजात के साथ वाहन चलाने वालों का चालान काटा गया। जानिए पुलिस के इस अभियान की पूरी खबर।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 21 November 2026, 12:39 PM IST

Siddharthnagar: सड़क पर तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी कभी भी किसी परिवार की खुशियां छीन सकती है। बिना हेलमेट बाइक चलाने और जरूरी कागजात के बिना सड़कों पर वाहन दौड़ाने वालों के लिए सिद्धार्थनगर पुलिस ने शनिवार को सख्त संदेश दिया। हालांकि, इस बार पुलिस का अंदाज कुछ अलग था। नियमों का पालन करने वालों को जहां रोककर फूलों का गुलदस्ता देकर सम्मानित किया गया, वहीं लापरवाही बरतने वाले वाहन चालकों को चालान की कार्रवाई का सामना करना पड़ा।

सड़क पर उतरी उसका बाजार पुलिस

जिले में चल रहे यातायात माह के तहत शनिवार, 21 नवंबर 2026 को उसका बाजार थाना पुलिस ने सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष चेकिंग और जागरूकता अभियान चलाया। दोपहर करीब 12 बजे पुलिसकर्मियों ने सरदार पटेल नगर क्षेत्र में उसका बाजार पुलिस चौकी के पास स्थित पुलिस सहायता केंद्र के निकट वाहन चालकों को रोककर जांच की। इस अभियान का मकसद केवल यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करना नहीं था, बल्कि लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना भी था।

सिद्धार्थनगर में शिक्षकों का हल्लाबोल, पुरानी पेंशन बहाली समेत कई मांगों को लेकर बीएसए कार्यालय पर जुटे

हेलमेट पहनने वालों को मिला फूलों का सम्मान

अभियान के दौरान पुलिस का एक अलग ही अंदाज देखने को मिला। आमतौर पर वाहन चेकिंग के दौरान लोग पुलिस को देखकर चालान के डर से रास्ता बदलने लगते हैं, लेकिन इस बार नियमों का पालन करने वाले चालकों को पुलिस ने रोककर सम्मानित किया। जो बाइक सवार हेलमेट पहनकर सड़क पर निकले थे और यातायात नियमों का पालन कर रहे थे, उन्हें पुलिसकर्मियों ने पुष्पगुच्छ देकर प्रोत्साहित किया। पुलिस की इस पहल से वाहन चालकों को यह संदेश देने की कोशिश की गई कि नियमों का पालन करना कोई मजबूरी नहीं, बल्कि एक जिम्मेदार नागरिक की पहचान है।

सिद्धार्थनगर में पुलिस का अनोखा अंदाज (IMG: Dynamite News)

बिना हेलमेट और अधूरे कागजात वालों पर कार्रवाई

पुलिस की गांधीगिरी का दूसरा पहलू भी देखने को मिला। जहां नियम मानने वालों को फूल देकर सम्मानित किया गया, वहीं नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्ती बरती गई। चेकिंग के दौरान जिन बाइक चालकों के पास हेलमेट नहीं था, उन्हें रोका गया। इसके अलावा वाहन चलाते समय जरूरी दस्तावेज नहीं रखने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों की भी जांच की गई। ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार चालान की कार्रवाई की गई।

“आएगा तो बाबा ही” के गानों पर जमकर थिरके ग्रामीण, सिद्धार्थनगर में लक्ष्मी विसर्जन के दौरान मचा गजब का धमाल

एसपी के निर्देश पर चला अभियान

उसका बाजार क्षेत्र में चलाए गए इस अभियान का आयोजन पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देश पर किया गया। क्षेत्राधिकारी विश्वजीत सौर्यान के पर्यवेक्षण और थानाध्यक्ष जितेंद्र सिंह की देखरेख में पुलिस टीम ने चेकिंग अभियान को अंजाम दिया। अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने वाहन चालकों को रोककर उन्हें सड़क सुरक्षा के नियम समझाए। साथ ही यह भी बताया कि हेलमेट, सीट बेल्ट और वाहन के जरूरी दस्तावेज रखना यातायात व्यवस्था का अहम हिस्सा है।

जिंदगी बचाने के लिए पहनें हेलमेट

थानाध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल केवल पुलिस की कार्रवाई या चालान से बचने के लिए नहीं करना चाहिए। ये हमारी और हमारे परिवार की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि सड़क हादसे कभी बताकर नहीं आते। थोड़ी सी लापरवाही किसी बड़े हादसे की वजह बन सकती है। ऐसे में हर वाहन चालक को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए और घर से निकलते समय यातायात नियमों का पालन जरूर करना चाहिए।

Location :  Siddharthnagar

Published :  21 November 2026, 12:39 PM IST