
प्रतीकात्मक फोटो (Image: Pinterest)
Ghaziabad News: गाजियाबाद में एक मां और उसकी 3 साल की बेटी की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। एक ही कमरे में दोनों के शव फंदे से लटके मिले, जिसके बाद मामला सवालों के घेरे में आ गया है। ससुराल पक्ष इसे आत्महत्या बता रहा है, जबकि मृतका के पिता ने हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। मृतका के पिता अवधेश सिंह का कहना है कि उनकी बेटी और नातिन को मारकर फंदे पर लटकाया गया है। उन्होंने कमरे की स्थिति और फंदे को लेकर कई सवाल खड़े किए हैं। फिलहाल पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है और मामले की जांच में जुटी है।
उन्नाव जिले के माकी थाना क्षेत्र के चकलवंशी गांव निवासी किसान अवधेश सिंह की बेटी प्रीति (30) की शादी 16 जून 2021 को हरदोई के सांपखेड़ा निवासी अनिरुद्ध उर्फ सोनू (33) से हुई थी।अनिरुद्ध गाजियाबाद के मैक्स हॉस्पिटल में टेक्नीशियन है। वह अपनी पत्नी प्रीति और 3 साल की बेटी अक्षिता के साथ शंकर विहार इलाके में किराए के मकान में रहता था। पिता का आरोप है कि अनिरुद्ध का एक नर्स से संबंध था, जिसका प्रीति विरोध करती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होता था। उन्होंने दावा किया कि पति बेटी के साथ मारपीट करता था और घटना से पहले लगातार दो दिन तक उसे परेशान किया गया।
अवधेश सिंह ने कहा कि मां-बेटी के शव जिस स्थिति में मिले, उससे कई सवाल खड़े होते हैं। उनका कहना है कि दोनों के फंदे एक जैसे थे और दोनों लगभग एक ही हालत में लटके मिले। उन्होंने सवाल उठाया कि बेटी का एक पैर तख्त पर मुड़ा हुआ था, जबकि कमरे में कोई स्टूल या कुर्सी नहीं मिली। ऐसे में इतनी ऊंचाई पर लगे कुंडे तक पहुंचकर फंदा लगाने की बात संदिग्ध लगती है।पिता ने यह भी आरोप लगाया कि दरवाजा तोड़ने की बात कही जा रही है, लेकिन इसका कोई वीडियो सामने नहीं आया है।
वहीं, अनिरुद्ध ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उसकी पत्नी उस पर शक करती थी। उसे लगता था कि उसका किसी दूसरी महिला से संबंध है। मोबाइल चलाने को लेकर भी दोनों के बीच कई बार विवाद होता था। अनिरुद्ध के मुताबिक, शुक्रवार शाम करीब साढ़े छह बजे वह पानी और पत्नी की दवा लेने बाहर गया था। वापस आने पर दरवाजा अंदर से बंद मिला। खिड़की से देखने पर उसने पत्नी और बेटी को फंदे पर लटका देखा। उसने दावा किया कि पत्नी ने पहले बेटी की हत्या की और फिर खुद आत्महत्या कर ली।
अनिरुद्ध की बहन रिंकी ने बताया कि उसकी बेटी जब ऊपर कमरे में गई तो दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक आवाज लगाने के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला तो उसने खिड़की से अंदर देखा। इसके बाद परिवार को सूचना दी गई। ACP इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि मां-बेटी के शवों का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। अभी रिपोर्ट का इंतजार है। पुलिस मौके से मिले सभी सबूतों और परिस्थितियों के आधार पर जांच कर रही है। मौत की सही वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
Location : Ghaziabad
Published : 27 September 2026, 6:17 PM IST