हिंदी
शिवा हत्याकांड में सनसनीखेज खुलासा
Lucknow: शिवा हत्याकांड में पुलिस की जांच के दौरान एक और सनसनीखेज जानकारी सामने आई है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, वारदात वाले दिन आरोपी श्रद्धा ने कथित तौर पर शिवा के कपड़े उतरवा दिए थे। इसके बाद उसके शरीर पर लिपस्टिक पोत दी गई। आरोप है कि श्रद्धा ने अपनी बहन रश्मि, करीबी आमिर और चालक दानिश के सामने शिवा को डांस करने के लिए मजबूर किया। इस दौरान चारों ने मिलकर उसे अपमानित किया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से अलग-अलग पूछताछ करने के बाद उनका आमना-सामना भी कराया। इसी पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, इस मामले में आमिर की गिरफ्तारी अभी नहीं हो सकी है।
पूछताछ में श्रद्धा ने कथित तौर पर बताया कि वह शिवा का इस्तेमाल कर रही थी और शिवा उसके काबू में रहता था। वह उससे अपने पैर तक दबवाती थी। जांच में यह बात भी सामने आई है कि श्रद्धा ने शिवा के कई वीडियो बना रखे थे। पुलिस इन वीडियो और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है।
जांच से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, श्रद्धा ने शिवा को अपनी कई ऐसी तस्वीरें दिखाई थीं, जिनमें वह कथित तौर पर बड़े अधिकारियों के साथ पार्टियों में नजर आ रही थी। यह भी दावा किया जा रहा है कि श्रद्धा ने एक अधिकारी के माध्यम से हजरतगंज थाने में एफआईआर दर्ज करवाई थी।
सूत्रों का कहना है कि श्रद्धा के पास कई अधिकारियों और प्रभावशाली लोगों के साथ तस्वीरें थीं, जिन्हें उसने पेन ड्राइव में सुरक्षित रखा था। आरोप है कि वह इन तस्वीरों के जरिए लोगों पर दबाव बनाती थी। पुलिस अब पेन ड्राइव और उसमें मौजूद डिजिटल सामग्री की जांच कर रही है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, श्रद्धा लगभग हर रात किसान बाजार स्थित एक कैफे में जाती थी। वहां वह अपने साथियों के साथ हुक्का पीती थी। आरोप है कि इसी कैफे में बैठकर वह अपने टारगेट तय करती थी। शिवा की मुलाकात भी कथित तौर पर श्रद्धा से इसी कैफे में हुई थी।
बताया जा रहा है कि श्रद्धा की कई तस्वीरें इसी कैफे की हैं। श्रद्धा की गिरफ्तारी के बाद कैफे संचालक के भूमिगत होने की बात भी सामने आई है। पुलिस इस कनेक्शन की जांच कर रही है।
उधर, जेल में बंद श्रद्धा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अदालत में पेशी के दौरान अपने वकील से मुलाकात के लिए सप्ताह में अधिक समय दिए जाने की मांग की। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है।
Location : Lucknow
Published : 1 November 2026, 9:06 AM IST