
राही ब्लॉक सरायं मुगल समाचार(Source: Dynamite News)
Raebareli: जिले की सदर तहसील क्षेत्र के ब्लॉक राही अंतर्गत ग्राम सरायं मुगल में जिला पंचायत निधि से लाखों रुपये खर्च कर बनाई गई मार्केट आज अपनी बदहाली पर आंसू बहा रही है। करीब 10 वर्ष पहले बड़े दावे और योजनाओं के साथ तैयार कराई गई यह मार्केट अब सरकारी लापरवाही और जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता का जीता-जागता उदाहरण बन चुकी है।
जिस मार्केट को ग्रामीणों के रोजगार, सब्जी व्यापार और स्थानीय बाजार व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से बनाया गया था, वही आज खंडहर में तब्दील हो गई है। हालत यह है कि यहां अब दुकानदार नहीं बल्कि मवेशी बांधे जा रहे हैं और पूरा परिसर करकट तथा गंदगी से पट चुका है।
आपको बता दे आज दिनाँक 12 मई 2026 दिन मंगलवार को सुरेश कुमार ,पवन कुमार चंद्रभान , निजामुद्दीन मोहम्मद साबिर अली आदि ग्रामीणों के अनुसार इस मार्केट में करीब 10 पक्की दुकानें बनाई गई थीं। इसके अलावा दो से तीन बड़े सेट, एक शौचालय, आने-जाने के लिए लोहे के दो मजबूत गेट, चारों तरफ बाउंड्रीवाल और पानी की व्यवस्था के लिए हैंडपंप भी लगाया गया था। लेकिन रखरखाव के अभाव और जिम्मेदार विभागों की अनदेखी ने पूरी व्यवस्था को बर्बाद कर दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण के शुरुआती दिनों में यहां सब्जी मंडी और छोटी दुकानें चलनी शुरू हुई थीं। कुछ समय तक बाजार में चहल-पहल भी रही, लेकिन बाद में प्रशासन और जिला पंचायत की बेरुखी के चलते यह मार्केट धीरे-धीरे वीरान होती चली गई। आज स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि भवन जर्जर हो गए हैं, गेट टूटने की कगार पर हैं और शौचालय पूरी तरह बेकार पड़ा हुआ है।
सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आखिर लाखों रुपये खर्च कर बनाई गई इस सरकारी संपत्ति की देखरेख की जिम्मेदारी किसकी थी? यदि समय रहते मरम्मत और संचालन की व्यवस्था की जाती तो आज यह मार्केट ग्रामीणों के रोजगार का बड़ा केंद्र बन सकती थी।
बेटियों ने लहराया परचम, सीबीएसई इंटरमीडिएट परीक्षा में साइना मिश्रा बनीं जिला टॉपर
वीडियो और मौके की तस्वीरें साफ बयां कर रही हैं कि सरकारी धन किस तरह लापरवाही की भेंट चढ़ रहा है। ग्रामीणों में इस बात को लेकर भारी नाराजगी है कि जनता के टैक्स के पैसों से बनी संपत्ति को यूं ही बर्बाद होने के लिए छोड़ दिया गया।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि इस बदहाल मार्केट की जांच कराई जाए, जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई हो और मार्केट का पुनर्निर्माण कर इसे फिर से संचालित कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को इसका लाभ मिल सके।
Location : Raebareli
Published : 13 May 2026, 11:25 PM IST