गोरखपुर में समाजवादी पार्टी का हल्ला बोल, भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ राष्ट्रपति को लिखी चिट्टी, देखें क्या-क्या लिखा था?

गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कानून-व्यवस्था, महंगाई और पेपर लीक जैसे मुद्दों को लेकर प्रदर्शन किया। काली पट्टी बांधकर निकाले गए मार्च के बाद सपा नेताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा और सरकार पर जमकर निशाना साधा।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 8 August 2026, 2:44 PM IST

Gorakhpur News: गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर सड़क पर उतरकर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने हाथों में काली पट्टी बांधकर अपना विरोध दर्ज कराया और गोरखपुर विश्वविद्यालय के सामने स्थित पंत पार्क से पैदल मार्च करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों को रखा।

पंत पार्क से जिलाधिकारी कार्यालय तक निकाला मार्च

प्रदर्शन के दौरान समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष शब्बीर कुरैशी समेत बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण तरीके से मार्च निकालते हुए प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों के हाथों में काली पट्टियां थी, जिसके जरिए उन्होंने सरकार की नीतियों के प्रति नाराजगी जताई। सपा जिलाध्यक्ष ब्रजेश कुमार गौतम ने इससे पहले पार्टी कार्यकर्ताओं से समय पर पंत पार्क पहुंचने की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर शांतिपूर्ण तरीके से जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचेंगे और जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर ज्ञापन सौंपेंगे।

कानून व्यवस्था और महंगाई को लेकर सरकार पर निशाना

प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था, बढ़ती महंगाई और पेपर लीक जैसे मुद्दों को लेकर प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला। नेताओं का आरोप था कि राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति खराब हो चुकी है और आम जनता महंगाई की मार झेल रही है। सपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े पेपर लीक के मामले लगातार सामने आ रहे हैं, जिससे लाखों छात्रों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं के हितों की रक्षा करने में असफल रही है।

जंतर-मंतर प्रदर्शन का भी किया जिक्र

सपा नेताओं ने पेपर लीक के मुद्दे पर दिल्ली के जंतर-मंतर में हुए विरोध प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा कि देशभर में युवा इस समस्या को लेकर आवाज उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को युवाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनना चाहिए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।

बड़े आंदोलन की दी चेतावनी

सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगों पर सरकार ने जल्द ध्यान नहीं दिया तो पार्टी आने वाले समय में बड़ा आंदोलन करने के लिए मजबूर होगी। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर समाजवादी पार्टी लगातार आवाज उठाती रहेगी और सरकार की नीतियों का विरोध जारी रखेगी।

Location :  Gorakhpur

Published :  8 August 2026, 2:44 PM IST