सोनभद्र में महंगाई के खिलाफ समाजवादी पार्टी का प्रदर्शन, गैस सिलेंडर कीमतों पर सरकार को घेरा

सोनभद्र में बढ़ती महंगाई और गैस सिलेंडर की कीमतों के विरोध में समाजवादी पार्टी ने स्वर्ण जयंती चौक पर प्रदर्शन किया। सपा नेताओं ने बीजेपी सरकार पर जनता से किए वादे पूरे न करने का आरोप लगाया। प्रदर्शन के दौरान महंगाई, बेरोजगारी और घरेलू खर्च बढ़ने जैसे मुद्दों को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला गया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 3 May 2026, 4:12 PM IST

Sonbhadra: सोनभद्र में बढ़ती महंगाई और गैस सिलेंडर की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने स्वर्ण जयंती चौक पर विरोध प्रदर्शन कर भारतीय जनता पार्टी की सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने महंगाई को आम जनता की सबसे बड़ी परेशानी बताते हुए सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया।

इस प्रदर्शन का नेतृत्व समाजवादी पार्टी के जिला सचिव प्रमोद यादव ने किया। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय जनता से “अच्छे दिन” का वादा किया गया था, लेकिन आज लोगों की जिंदगी पहले से ज्यादा महंगी हो चुकी है। उनका कहना था कि बढ़ती कीमतों ने आम आदमी की रसोई से लेकर रोजमर्रा की जरूरतों तक पर असर डाला है।

कुंवारे लड़कों को फंसाने वाली खूबसूरत दुल्हनों के गैंग का पर्दाफाश, जानें कैसे करती थीं कांड?

गैस सिलेंडर की कीमतों पर सरकार को घेरा

प्रमोद यादव ने खासतौर पर कमर्शियल गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों का मुद्दा उठाया। उन्होंने दावा किया कि गैस सिलेंडर की कीमत 3000 रुपये के पार पहुंच चुकी है, जिससे होटल व्यवसायियों, छोटे दुकानदारों और व्यापारियों की लागत बढ़ गई है। इसका सीधा असर बाजार पर दिखाई दे रहा है और खाने-पीने की चीजें लगातार महंगी होती जा रही हैं।

उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि पहले जो चाय 5 रुपये में मिल जाती थी, अब वही 10 रुपये में बिक रही है। इससे आम ग्राहक की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि महंगाई केवल आंकड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका असर हर घर के बजट पर साफ दिखाई दे रहा है।

गोंडा में कुश्ती खेलने से डरीं विनेश फोगाट, बोलीं- बृजभूषण के शोषण की मैं भी विक्टिम, कुछ हुआ तो…

घरेलू खर्च बढ़ने से महिलाओं पर असर

सपा नेताओं ने घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर भी चिंता जताई। उनका कहना था कि रसोई गैस महंगी होने से सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं को उठानी पड़ रही है। परिवार का मासिक बजट बिगड़ रहा है और मध्यम वर्ग के लोगों के लिए खर्च संभालना मुश्किल होता जा रहा है।

प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने कहा कि सरकार एक ओर गरीबों की मदद की बात करती है, लेकिन दूसरी ओर जरूरी चीजों की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने इसे सरकार की दोहरी नीति करार दिया और कहा कि इसका नुकसान सीधे आम जनता को झेलना पड़ रहा है।

बेरोजगारी और महंगाई पर भी उठे सवाल

सपा नगर अध्यक्ष सरदार ब्रह्म सिंह ने भी सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि महंगाई के साथ-साथ बेरोजगारी भी बड़ी समस्या बन चुकी है। शिक्षा, स्वास्थ्य और पेट्रोल-डीजल जैसी जरूरी सेवाएं लगातार महंगी हो रही हैं, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग पर सबसे ज्यादा दबाव पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि रोजगार के अवसर कम होने से युवाओं में निराशा बढ़ रही है और कई लोग काम की तलाश में पलायन करने को मजबूर हैं। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार से महंगाई पर नियंत्रण करने की मांग की।

2027 चुनाव को लेकर जनता से अपील

सपा नेताओं ने लोगों से अपील की कि वे आने वाले 2027 विधानसभा चुनाव में महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को ध्यान में रखते हुए फैसला लें। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी जनता के हितों के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी और सड़क से लेकर सदन तक आवाज उठाती रहेगी। इस प्रदर्शन में सरोज पटेल, मनीष केड़िया, श्यामसुंदर सोनकर, मनोज केवट, शौर्य त्रिपाठी, संदीप भारती, अर्जुन खरवार, सुरेंद्र प्रजापति और अनिल शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Location :  Sonbhadra

Published :  3 May 2026, 4:02 PM IST