किराया वृद्धि के खिलाफ जेपी परिसर में हंगामा! दुकानदार बोले-पगड़ी राशि और किराए पर चाहिए न्याय…

सहारनपुर के घंटाघर स्थित जेपी परिसर में दुकानदारों ने किराया वृद्धि और पगड़ी राशि विवाद को लेकर सांकेतिक धरना दिया। व्यापारियों ने प्रशासन और मार्केट मालिक से उचित समाधान की मांग की। उनका कहना है कि लंबे समय से चल रहे विवाद का हल बातचीत से निकलना चाहिए ताकि व्यापार प्रभावित न हो और सभी पक्षों को न्याय मिल सके।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 11 May 2026, 3:29 PM IST

Saharanpur: उत्तर प्रदेश में सहारनपुर के घंटाघर स्थित जेपी परिसर में सोमवार को दुकानदारों ने सांकेतिक धरना देकर अपना विरोध दर्ज कराया। धरने में मार्केट एसोसिएशन के पदाधिकारी और कई व्यापारी शामिल हुए। दुकानदारों का कहना है कि वे पिछले 15 से 35 वर्षों से यहां किरायेदार के रूप में कारोबार कर रहे हैं, लेकिन हाल ही में की गई किराया वृद्धि से उनका व्यापार प्रभावित हो रहा है।

व्यापारियों ने कहा कि पहले से ही बाजार की स्थिति चुनौतीपूर्ण है और ऐसे में अचानक बढ़ाया गया किराया उनके लिए बोझ बन गया है। उन्होंने प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है।

कोर्ट फैसले और कानूनी प्रक्रिया का पूरा मामला

एसोसिएशन के महामंत्री सचिन खुराना ने बताया कि मार्केट मालिक आलोक मित्तल के साथ वर्षों से सौहार्दपूर्ण संबंध रहे हैं। वर्ष 2021 में किरायेदारी कानून में संशोधन के बाद किराया वृद्धि को लेकर बातचीत शुरू हुई थी।

Bijnor: 75 की दुल्हन, 80 का दूल्हा… शादी के एक साल बाद ऐसा क्या हुआ अचानक ले लिया तलाक?

कई दौर की वार्ता के बाद भी सहमति नहीं बन सकी और मामला एडीएम ई के न्यायालय तक पहुंचा। करीब दो साल चली सुनवाई के बाद कोर्ट ने हर साल 60 प्रतिशत किराया वृद्धि का आदेश दिया। दुकानदारों ने इस फैसले के अनुसार बढ़ा हुआ किराया जमा भी किया, लेकिन बाद में मालिक पक्ष ने जिला न्यायालय में अपील कर दी। 12 मार्च को आए नए फैसले के बाद किराया और अधिक बढ़ा दिया गया, जिससे विवाद और बढ़ गया।

पगड़ी राशि और समाधान की उम्मीद

धरने पर बैठे व्यापारियों ने यह भी मुद्दा उठाया कि उन्होंने वर्षों पहले दुकानों के लिए पगड़ी के रूप में बड़ी रकम दी थी। अब कुछ दुकानदार दुकान खाली करना चाहते हैं, लेकिन उन्हें बाजार मूल्य के अनुसार उचित पगड़ी राशि वापस नहीं मिल रही है। व्यापारियों का कहना है कि जो लोग कारोबार जारी रखना चाहते हैं, उन्हें बिना दबाव के व्यापार करने दिया जाए और जो दुकान छोड़ रहे हैं, उन्हें उचित मुआवजा मिले। इससे बाजार में स्थिरता बनी रहेगी।

दुकानदारों ने बताया कि मालिक पक्ष के साथ बातचीत चल रही है। रविवार को भी वार्ता हुई थी, लेकिन किसी कारणवश बीच में रुक गई। अब दोबारा बातचीत की संभावना है। व्यापारियों ने उम्मीद जताई कि जल्द ही समाधान निकल आएगा और लंबे समय से चला आ रहा विवाद खत्म होगा।

गोरखपुर: भगवानपुर टोल प्लाजा कर्मियों का फूटा गुस्सा, इस मांग को लेकर धरना प्रदर्शन

इस दौरान धरने में राजेश तनेजा, सुरेंद्र कुवात्रा, गगन अरोड़ा, रविंद्र दीपक पाहवा, हनी बत्तरा, नीरज बंसल सहित कई व्यापारी मौजूद रहे। महामंत्री सचिन खुराना ने कहा कि व्यापारी हमेशा समझौते के पक्ष में रहे हैं और उम्मीद है कि जल्द ही दोनों पक्षों के बीच सकारात्मक समाधान निकलेगा।

Location :  Saharanpur

Published :  11 May 2026, 3:29 PM IST