मुजफ्फरनगर में RLD ने खुद को किया मजबूत, इस महिला को बनाया जिलाध्यक्ष, यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारी तेज

मुजफ्फरनगर में राष्ट्रीय लोकदल महिला प्रकोष्ठ का विस्तार किया गया। महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष परिणीता सिंह ने रेनू तोमर को जिलाध्यक्ष नियुक्त किया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं की 50 प्रतिशत से ज्यादा भागीदारी और महिला आरक्षण को लेकर बड़ा बयान दिया।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 31 August 2026, 8:54 PM IST
google-preferred

Muzaffarnagar: राष्ट्रीय लोकदल (RLD) ने महिला संगठन को मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए मुजफ्फरनगर में महिला प्रकोष्ठ का विस्तार किया है। सोमवार को रालोद महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष परिणीता सिंह मुजफ्फरनगर पहुंचीं, जहां उन्होंने संगठन विस्तार के तहत रेनू तोमर को महिला प्रकोष्ठ का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पार्टी में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ाना उनकी प्राथमिकता है और संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत किया जा रहा है।

महिला संगठन को मजबूत करने पर जोर

पत्रकारों से बातचीत करते हुए परिणीता सिंह ने कहा कि पूरे उत्तर प्रदेश में रालोद महिला प्रकोष्ठ का विस्तार किया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मुजफ्फरनगर में रेनू तोमर को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि वह महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से पूरे प्रदेश का दौरा कर रही हैं। पार्टी का लक्ष्य है कि संगठन में महिलाओं की भूमिका और मजबूत हो।

रालोद में 50 प्रतिशत से ज्यादा महिला भागीदारी का लक्ष्य

परिणीता सिंह ने कहा कि चौधरी साहब का मानना है कि राष्ट्रीय लोकदल में महिलाओं की भागीदारी 50 प्रतिशत से अधिक होनी चाहिए। इसी सोच के साथ महिला प्रकोष्ठ को लगातार मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने चुनावी माहौल और महिला आरक्षण पर भी अपनी बात रखी। नारी शक्ति वंदन अधिनियम का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं को राजनीति में आगे आने के लिए आरक्षण का लाभ मिलना जरूरी है और उम्मीद है कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण का फायदा मिलेगा।

‘महिलाएं पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलें’

परिणीता सिंह ने कहा कि यह सोच गलत है कि पुरुष महिलाओं को आगे नहीं बढ़ने देते। उन्होंने कहा कि महिलाओं का उद्देश्य पुरुषों से आगे निकलना नहीं, बल्कि उनके साथ कदम से कदम मिलाकर चलना होना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं को सम्मान और बराबरी का अधिकार मिलना चाहिए। इसी उद्देश्य को लेकर वह पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भ्रमण कर महिलाओं को जागरूक करने का काम कर रही हैं।

NDA गठबंधन को लेकर भी दिया बयान

एनडीए गठबंधन और विपक्ष के सवाल पर परिणीता सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल एनडीए गठबंधन का हिस्सा है और महिलाएं मजबूती के साथ गठबंधन के साथ खड़ी हैं। उन्होंने विपक्ष की बयानबाजी पर कहा कि विरोधियों के बयानों से चौधरी साहब को नुकसान नहीं बल्कि फायदा हो रहा है, क्योंकि इससे वह और ज्यादा चर्चा में आ रहे हैं।

रेनू तोमर ने जताया भरोसा

नवनियुक्त जिलाध्यक्ष रेनू तोमर ने जिम्मेदारी मिलने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि उनका मायका और ससुराल दोनों ही राष्ट्रीय लोकदल की विचारधारा से जुड़े रहे हैं।उन्होंने कहा कि वह पार्टी के लिए पूरी निष्ठा के साथ काम करेंगी। रेनू तोमर ने कहा कि रालोद के संस्थापक पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह, चौधरी अजित सिंह और अब जयंत चौधरी ने हमेशा सर्व समाज को साथ लेकर चलने की नीति अपनाई है। उन्होंने कहा कि रालोद संस्कारों की पार्टी है और संगठन ने हमेशा महिलाओं को सम्मान देने का काम किया है।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  31 August 2026, 8:54 PM IST

Advertisement