हिंदी
किसे मिलेगी पहली जिम्मेदारी? (Source: Pinterest )
Ayodhya: राम मंदिर के पहले CEO की नियुक्ति की प्रक्रिया अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है। 11 और 12 अगस्त को अयोध्या में 16 उम्मीदवारों के अंतिम इंटरव्यू पूरे होने के बाद अब चयन समिति तीन नामों का पैनल तैयार करेगी। इसके बाद श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट इन तीन नामों में से एक का चयन करेगा। यानी फिलहाल नए CEO के नाम का ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन चयन प्रक्रिया अपने अंतिम पड़ाव में पहुंच चुकी है।
राम मंदिर CEO पद के लिए देशभर से 5,585 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें 3,877 उम्मीदवारों ने अपना विस्तृत CV जमा किया। शुरुआती स्क्रीनिंग के बाद 1,580 आवेदनों और प्रस्तुतियों का विस्तृत मूल्यांकन किया गया।
इसके बाद करीब 111 उम्मीदवारों को ऑनलाइन इंटरैक्शन के लिए चुना गया। इस दौरान उनकी संवाद क्षमता, पेशेवर अनुभव, नेतृत्व क्षमता, विजन और तकनीकी समझ जैसे पहलुओं को परखा गया।
चयन प्रक्रिया आगे बढ़ने के साथ 16 उम्मीदवार अंतिम आमने-सामने इंटरव्यू तक पहुंचे। 11 और 12 अगस्त को अयोध्या में इन उम्मीदवारों के इंटरव्यू हुए।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, इन उम्मीदवारों की उम्र 50 से 70 वर्ष के बीच है। दावेदारों में रक्षा, नौकरशाही, कॉरपोरेट, औद्योगिक, शिक्षा और सूचना प्रौद्योगिकी समेत अलग-अलग क्षेत्रों के अनुभवी लोग शामिल हैं।
राम मंदिर CEO की रेस में सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी, रिटायर्ड IAS और IPS अफसरों के साथ सरकारी और गैर-सरकारी क्षेत्रों के अनुभवी पेशेवर शामिल हैं।
उम्मीदवारों का मूल्यांकन बड़े आयोजनों और भीड़ प्रबंधन, प्रशासनिक क्षमता, भाषा ज्ञान, नेतृत्व, तकनीकी समझ और भविष्य की रणनीति जैसे पहलुओं पर किया गया है।
CEO चयन के लिए गठित सर्च कमेटी में सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति प्रमोद कोहली, लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) वीके चतुर्वेदी और न्यूक्लियर साइंटिस्ट डॉ. सुरेश हावड़े शामिल हैं।
अंतिम इंटरव्यू पूरा होने के बाद समिति अब सभी उम्मीदवारों की योग्यता और अनुभव का मूल्यांकन करेगी। इसके बाद तीन नामों का पैनल तैयार किया जाएगा।
तीन नामों का पैनल श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सामने रखा जाएगा। इन्हीं तीन उम्मीदवारों में से किसी एक को राम मंदिर का पहला CEO नियुक्त किया जाएगा।
ऐसे में 5,585 आवेदनों से शुरू हुई यह रेस अब सिर्फ तीन नामों तक सिमटने वाली है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि अंतिम तीन उम्मीदवार कौन होंगे और उनमें से किसे राम मंदिर की पहली CEO जिम्मेदारी मिलेगी।
Location : Ayodhya
Published : 13 August 2026, 12:45 PM IST
Topics : ayodhya news Ram Mandir CEO Ram Mandir