‘सनातन पर सबसे ज्यादा अत्याचार हुआ, फिर भी न मिटेगा’, राजा भैया का बड़ा बयान; मथुरा को लेकर भी किया ऐलान!

प्रतापगढ़ के कुंडा स्थित बेंती में श्रीराम कथा के मंच से राजा भैया ने सनातन धर्म को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि सनातन पर सबसे ज्यादा अत्याचार हुआ, लेकिन यह कभी मिटा नहीं। बागेश्वर धाम सरकार के विरोधियों पर निशाना साधते हुए उन्होंने अयोध्या के बाद मथुरा में भव्य मंदिर निर्माण की बात भी कही। कथा के समापन पर दिव्य दरबार में भारी भीड़ उमड़ी और बाबा की विदाई पर श्रद्धालु भावुक हो गए।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 20 November 2026, 4:36 PM IST

Pratapgarh: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में धार्मिक आयोजन के बीच सियासी बयानबाजी ने माहौल गरमा दिया। कुंडा के बेंती परेड ग्राउंड में आयोजित श्रीराम कथा के मंच से जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और विधायक राजा भैया ने सनातन धर्म के विरोधियों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दुनिया में सबसे ज्यादा अत्याचार सनातन धर्म पर हुआ है। हिंदुओं के मंदिर तोड़े गए, घर उजाड़े गए और सामूहिक नरसंहार हुए, लेकिन इसके बावजूद सनातन धर्म न कभी मिटा और न कभी मिटेगा। राजा भैया ने बागेश्वर धाम सरकार पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के विरोध को लेकर भी तीखे सवाल उठाए।

सनातन धर्म पर अत्याचार हुआ

प्रतापगढ़ के कुंडा स्थित बेंती परेड ग्राउंड में आयोजित श्रीराम कथा के मंच से राजा भैया ने अपने संबोधन में सनातन धर्म और हिंदू समाज को लेकर खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि विश्व में सबसे ज्यादा अत्याचार सनातन धर्म को मानने वालों पर हुआ है। राजा भैया के मुताबिक, इतिहास में हिंदुओं के घरों और मंदिरों को तोड़ा गया। लोगों पर अत्याचार किए गए और सामूहिक नरसंहार तक हुए। इसके बावजूद सनातन धर्म आज भी कायम है और आगे भी कायम रहेगा।

प्रतापगढ़: धीरेंद्र शास्त्री की कथा में पंडाल के बाहर मेले जैसा नजारा, पाकिस्तान से आए 500 हिंदू भी पहुंचे

बागेश्वर सरकार को सड़क से लाने की बताई वजह

राजा भैया ने कथा के विरोध की घोषणाओं को लेकर भी विरोधियों पर निशाना साधा। उन्होंने बताया कि कथा स्थल पर रोजाना तीन से चार हेलीकॉप्टर से वीआईपी पहुंच रहे थे। अगर चाहते तो बागेश्वर धाम सरकार पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को भी प्रयागराज से हेलीकॉप्टर के जरिए ला सकते थे। लेकिन उन्होंने जानबूझकर बाबा को बिना पुलिस और प्रशासन को सूचना दिए सड़क मार्ग से लाने का फैसला किया। राजा भैया ने कहा कि ऐसा इसलिए किया गया ताकि यह देखा जा सके कि कथा का विरोध करने वाले लोग आखिर कहां खड़े हैं।

सांसद मनोज तिवारी और पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (IMG: Dynamite News)

'बांटो और राज करो' की नीति पर राजनीतिक दलों को घेरा

राजा भैया ने अपने संबोधन में कुछ राजनीतिक दलों की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ नेता बागेश्वर सरकार का विरोध इसलिए करते हैं, क्योंकि वह हिंदुओं को एकजुट करने और सनातन धर्म का ध्वज ऊंचा रखने की बात करते हैं। उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक दल आज भी अंग्रेजों की 'बांटो और राज करो' वाली नीति पर चल रहे हैं। हिंदुओं को आपस में बांटना आसान है, लेकिन उन्हें एकजुट करना काफी मुश्किल काम है।

'पहली जीत हमारी, अब मथुरा की बारी'

अपने भाषण में राजा भैया ने अयोध्या और काशी विश्वनाथ का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अयोध्या के बाद अब मथुरा की बारी है और वहां भी भव्य मंदिर का निर्माण होगा। काशी विश्वनाथ का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वहां हुए अत्याचारों के प्रमाण आज भी मौजूद हैं। उन्होंने नंदी बाबा का जिक्र करते हुए कहा कि वह अपने भव्य स्वरूप में आने की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

प्रतापगढ़ में धीरेंद्र शास्त्री की ‘श्रीराम कथा’ पर गरमाई सियासत, राजा भैया के आयोजन पर सपा ने खोला मोर्चा

मनोज तिवारी के भजनों पर झूमे श्रद्धालु

श्रीराम कथा में भोजपुरी गायक और सांसद मनोज तिवारी भी पहुंचे। उन्होंने आयोजन के लिए राजा भैया के प्रयासों की सराहना की। मनोज तिवारी ने कहा कि सनातन धर्म की धारा को आगे बढ़ाने के लिए हर व्यक्ति को अपने भीतर के हनुमान को जगाना होगा। इसके बाद उन्होंने अपने भजनों की प्रस्तुति दी। उनके भजनों पर कथा पंडाल में मौजूद श्रद्धालु झूमते नजर आए। धार्मिक माहौल के बीच लोगों ने भजनों का खूब आनंद लिया।

दिव्य दरबार में उमड़ी लाखों श्रद्धालुओं की भीड़

शुक्रवार को कथा के समापन अवसर पर बागेश्वर धाम सरकार का दिव्य दरबार लगाया गया। आयोजकों के अनुसार, इसमें लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। सुबह से ही दरबार में अर्जी लगाने और बाबा के दर्शन करने के लिए लोगों की भीड़ जुटने लगी थी। बताया गया कि दरबार में सबसे पहले रायबरेली से पहुंची एक महिला की अर्जी लगी। महिला के बच्चे को लकवा होने की बात सामने आई। बाबा ने बच्चे के उपचार और देखभाल की जिम्मेदारी लेने की बात कही।

Location :  Pratapgarh

Published :  20 November 2026, 4:36 PM IST