पटरी पर भर गया पानी, अचानक बदल गया ट्रेनों का रास्ता; घर से निकलने से पहले जान लें कौन-कौन सी ट्रेन प्रभावित

बरेली सिटी और बरेली जंक्शन के बीच रेलवे ट्रैक पर जलभराव के कारण ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ है। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए 55315 बरेली सिटी-पीलीभीत ट्रेन को इज्जतनगर से चलाने का फैसला हुआ है। 55328 बरेली सिटी-कासगंज ट्रेन कम से कम 60 मिनट लेट होगी और डायवर्ट रूट से चलेगी। 55311 कासगंज-लालकुआं ट्रेन को भी नियंत्रित किया जा रहा है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 7 September 2026, 1:43 PM IST

Bareilly: बारिश ने अब सड़क के साथ-साथ रेलवे की रफ्तार पर भी ब्रेक लगा दिया है। बरेली में लगातार बारिश के बाद रेलवे ट्रैक पर पानी भर गया, जिसके चलते ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो गया। बरेली सिटी और बरेली जंक्शन के बीच रेलवे ट्रैक पर जलभराव की स्थिति बनने के बाद रेलवे को कई ट्रेनों के संचालन में अस्थायी बदलाव करना पड़ा है। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए एक ट्रेन को बरेली सिटी के बजाय इज्जतनगर से चलाने का फैसला किया गया है, जबकि दूसरी ट्रेन को करीब एक घंटे की देरी से दूसरे मार्ग से चलाया जाएगा। एक अन्य ट्रेन को रास्ते में नियंत्रित करने के साथ जरूरत पड़ने पर डायवर्ट किया जा सकता है।

बरेली सिटी-बरेली जंक्शन के बीच ट्रैक पर भरा पानी

बारिश के कारण बरेली सिटी-बरेली जंक्शन रेलखंड के किलोमीटर संख्या 318/4-5 पर पानी भर गया। ट्रैक पर जलभराव की जानकारी मिलते ही रेलवे अधिकारियों ने मौके की स्थिति का जायजा लिया। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए ट्रेनों के संचालन में अस्थायी बदलाव करने का फैसला लिया गया। रेलवे के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह है कि ट्रैक से जल्द से जल्द पानी निकाला जाए और रेल परिचालन को सुरक्षित तरीके से सामान्य किया जाए।

पीलीभीत जाने वाली ट्रेन अब इज्जतनगर से चलेगी

जलभराव का सीधा असर 55315 बरेली सिटी-पीलीभीत सवारी गाड़ी पर पड़ा है। रेलवे ने इस ट्रेन को बरेली सिटी के बजाय इज्जतनगर स्टेशन से चलाने का फैसला किया है। यानी बरेली सिटी से पीलीभीत जाने वाले यात्रियों को इस ट्रेन को पकड़ने के लिए इज्जतनगर स्टेशन पहुंचना होगा। यात्रियों को सलाह है कि स्टेशन के लिए निकलने से पहले ट्रेन के संचालन की ताजा स्थिति जरूर पता कर लें, ताकि उन्हें परेशानी का सामना न करना पड़े।

करोड़ों की हीरोइन और कॉल डिटेल में छिपी ‘मौत की मंडी’, जानिए बरेली से देहरादून तक किसका फैला है सिंडिकेट?

कासगंज जाने वाली ट्रेन कम से कम एक घंटे लेट

55328 बरेली सिटी-कासगंज सवारी गाड़ी के संचालन में भी बदलाव किया गया है। रेलवे के मुताबिक इस ट्रेन को बरेली से न्यूनतम 60 मिनट पुनर्निर्धारित किया गया है। इसके बाद ट्रेन को सामान्य रास्ते के बजाय बरेली सिटी-बरेली जंक्शन (उत्तर रेलवे)-रामगंगा-बमियाना मार्ग से डायवर्ट कर चलाया जाएगा।

कासगंज से आने वाली ट्रेन भी प्रभावित

सिर्फ बरेली से जाने वाली ट्रेनों पर ही असर नहीं पड़ा है। 55311 कासगंज-लालकुआं सवारी गाड़ी को भी कासगंज-बरेली सिटी के बीच रास्ते में नियंत्रित किया जाएगा। रेलवे के मुताबिक जरूरत पड़ने पर इस ट्रेन को भी बमियाना-रामगंगा-बरेली जंक्शन-बरेली सिटी मार्ग से डायवर्ट किया जा सकता है। यानी जलभराव की स्थिति को देखते हुए इस ट्रेन के संचालन में भी बदलाव संभव है।

पंप लगाकर निकाला जा रहा पानी

रेलवे ट्रैक पर जलभराव के बाद अब पानी निकालने का काम तेजी से किया जा रहा है। चौपुला पुल के नीचे से गुजर रहे रेलवे ट्रैक पर जमा पानी को पंप की मदद से बाहर निकाला जा रहा है। रेलवे कर्मचारी लगातार मौके पर जुटे हुए हैं। कोशिश की जा रही है कि ट्रैक से पानी जल्द से जल्द बाहर निकले और रेलखंड की स्थिति सामान्य हो सके।

करोड़ों का बकाया! क्या मिलेगा किसानों का हक? बरेली की चीनी मिल पर मंडराया संकट; जानिए पूरा सच

यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता

इज्जतनगर मंडल के जनसंपर्क अधिकारी सफदर हुसैन ने बताया कि बरेली सिटी-बरेली जंक्शन के बीच ट्रैक पर जलभराव के कारण रेल यातायात प्रभावित हुआ है। यात्रियों की सुरक्षा और परिचालन को ध्यान में रखते हुए ट्रेनों के संचालन में अस्थायी परिवर्तन किया गया है।

घर से निकलने से पहले ट्रेन की स्थिति जरूर जांचें

बारिश के इस दौर में यात्रियों के लिए सबसे जरूरी है कि वे बिना जानकारी के स्टेशन के लिए रवाना न हों। खासकर बरेली सिटी से पीलीभीत और कासगंज की ओर जाने वाले यात्रियों को ट्रेन के स्टेशन, समय और रूट में हुए बदलाव की जानकारी जरूर लेनी चाहिए। फिलहाल रेलवे ट्रैक से पानी निकालने में जुटा है और प्रभावित रेल सेवाओं को जल्द सामान्य करने की कोशिश की जा रही है। लेकिन जब तक जलभराव पूरी तरह खत्म नहीं होता, तब तक ट्रेनों की आवाजाही पर असर बना रह सकता है।

Location :  Bareilly

Published :  7 September 2026, 1:43 PM IST