DRM कार्यालय में मिला रेलवे अधिकारी का शव, पत्नी ने वरिष्ठ अधिकारियों पर लगाए गंभीर आरोप

उत्तर मध्य रेलवे के आगरा रेल मंडल में तैनात सहायक परिचालन प्रबंधक अभिषेक कुमार कुशवाहा की रविवार रात करीब 10:30 बजे संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उनका शव कार्यालय में उनके चैंबर की कुर्सी पर मिला। उनकी पत्नी आस्था रानी ने रेलवे के परिचालन विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारियों पर काम का ज्यादा दबाव बनाने का आरोप लगाया है।

Post Published By: Ramdev Gupta
Updated : 2 November 2026, 12:56 PM IST
google-preferred

Agra: उत्तर मध्य रेलवे के आगरा रेल मंडल में तैनात सहायक परिचालन प्रबंधक अभिषेक कुमार कुशवाहा की रविवार रात करीब 10:30 बजे संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उनका शव कार्यालय में उनके चैंबर की कुर्सी पर मिला। उनकी पत्नी आस्था रानी ने रेलवे के परिचालन विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारियों पर काम का ज्यादा दबाव बनाने का आरोप लगाया है।  आस्था ने कहा कि रेलवे अधिकारियों द्वारा उनके पति से अतिरिक्त ड्यूटी करवाई जाती थी, जिससे वह मानसिक तनाव में रहते थे। उनके साथ जो भी घटना घटित हुई है उसके लिए अधिकारी दोषी हैं। कुछ यही आरोप अभिषेक की मां सुशीला देवी ने भी लगाए हैं।

रेलवे अस्पताल में रखा गया शव, कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन

सहायक परिचालन प्रबंधक अभिषेक कुमार का शव रेलवे अस्पताल में रखा गया है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में रेलवे कर्मचारी अस्पताल पहुंच गए। कर्मचारियों ने वहां विरोध प्रदर्शन करते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों पर सख्त कदम उठाए जाने चाहिए।

रेलवे क्वार्टर में परिवार के साथ रहते थे अभिषेक

अभिषेक कुमार मूल रूप से गाजीपुर के रहने वाले थे और उनका परिवार आगरा में रेलवे क्वार्टर में रहता था। करीब चार महीने पहले ही उन्हें असिस्टेंट ऑपरेटिंग मैनेजर के पद पर प्रमोशन मिला था। इससे पहले वह उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज स्थित सतर्कता विभाग में इंस्पेक्टर के पद पर काम कर रहे थे। रविवार को प्रारंभिक पात्रता परीक्षा (पीटी) के चलते उनकी ड्यूटी DRM कार्यालय के कंट्रोल रूम में लगाई गई थी। रात करीब 10 बजे तक ड्यूटी करने के बाद वह अपने चैंबर में चले गए थे। इसके बाद ही उनकी मौत की खबर सामने आई। बताया गया है कि चैंबर में पहुंचने से पहले कुछ कर्मचारियों से कहा कि उन्हें कुछ ठीक नहीं लग रहा है। 

Agra death case

DRM Office में अभिषेक का शव( AI Generated ig)

चैंबर के सोफे पर बेसुध मिले अभिषेक

रेलवे अधिकारियों ने रविवार रात करीब 10:30 बजे अभिषेक कुमार के चैंबर में जाकर देखा तो वह सोफे पर बेसुध पड़े हुए थे। अधिकारियों ने बिना देर किए उन्हें रेलवे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि अभिषेक अपने चैंबर के पास बने दूसरे कमरे में भी कुछ देर के लिए गए थे। वहां उल्टी के निशान मिले हैं। आशंका है कि अचानक तबीयत खराब होने पर उन्हें उल्टी हुई होगी। इसके बाद वह अपने चैंबर में लौटकर सोफे पर लेट गए होंगे। हालांकि, उनकी मौत किस वजह से हुई, इसका अभी पता नहीं चल पाया है।

Location :  New Delhi

Published :  2 November 2026, 12:39 PM IST

Related News

No related posts found.

Advertisement