Sultanpur News: राहुल गांधी को कोर्ट से राहत मिलते ही जश्न! ढोल-नगाड़ों के साथ मना जश्न

कांग्रेस नेता राहुल गांधी को सुलतानपुर की एमपी-एमएलए अदालत ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से जुड़ी कथित टिप्पणी के मानहानि मामले में साक्ष्य के अभाव में दोषमुक्त कर दिया। राहुल गांधी के आगमन पर जिले में कई जगह स्वागत किया गया। फैसले की जानकारी मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दीवानी न्यायालय परिसर के बाहर ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 26 October 2026, 7:27 PM IST

Sultanpur: सुलतानपुर में सोमवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आगमन पर कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह भव्य स्वागत किया। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से जुड़ी कथित टिप्पणी के आठ साल पुराने मानहानि मामले में एमपी-एमएलए कोर्ट ने राहुल गांधी को साक्ष्य के अभाव में दोषमुक्त कर दिया। फैसले की जानकारी मिलते ही समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया।

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से कोर्ट तक राहुल गांधी का जोरदार स्वागत

राहुल गांधी के सुलतानपुर पहुंचने से पहले ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्वागत की तैयारियां शुरू कर दी थीं। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के रास्ते जिले में प्रवेश करते ही कूरेभार, धनपतगंज और जयसिंहपुर में उनका अभिनंदन किया गया। कार्यकर्ताओं ने गुलाब के फूल भेंट किए और पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। इस दौरान ‘सत्यमेव जयते’, 'न्याय होगा' और ‘सत्य की जीत होगी’ जैसे नारे लगाए गए।

Pratapgarh News: मेडिकल छात्र मिथिलेश की मौत में नया मोड़! पोस्टमार्टम में चोटें, पिता ने लगाए हत्या के आरोप

टाटियानगर बाईपास पर कादीपुर, अखंडनगर, करौंदीकला, मोतिगरपुर और दोस्तपुर के कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का स्वागत किया। इसके बाद टेढ़ुई तिराहे पर पीपी कमैचा, लंभुआ और भदैया के कांग्रेसजन जुटे। गोलाघाट स्थित आस्था हॉस्पिटल के सामने युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा की।

शहर में प्रवेश के बाद गोलाघाट और दीवानी मोड़ पर भी स्वागत का सिलसिला जारी रहा। जिला और शहर कांग्रेस के नेताओं के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। दीवानी न्यायालय के गेट पर अधिवक्ताओं ने भी राहुल गांधी का अभिनंदन किया।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया (Image Source: Dynamite News)

आठ साल पुराने मानहानि मामले में अदालत से राहत

यह मामला वर्ष 2018 में दायर मानहानि की शिकायत से जुड़ा है। कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के हनुमानगंज निवासी भाजपा नेता विजय मिश्र ने राहुल गांधी की ओर से तत्कालीन भाजपा अध्यक्ष और वर्तमान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ की गई कथित टिप्पणी को लेकर मुकदमा दायर किया था। मामले की सुनवाई सुलतानपुर की एमपी-एमएलए अदालत में चल रही थी।

गत 13 अक्टूबर को दोनों पक्षों की बहस पूरी हुई थी। राहुल गांधी के अधिवक्ता ने अदालत में दलील दी थी कि संबंधित बयान सद्भावना में दिया गया था और किसी को अपमानित करने का इरादा नहीं था। बचाव पक्ष ने बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किए जाने सहित अन्य तर्क भी रखे। वहीं, शिकायतकर्ता पक्ष ने राहुल गांधी को दोषी ठहराने की मांग की थी।

दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने सोमवार को साक्ष्य के अभाव में राहुल गांधी को दोषमुक्त कर दिया। फैसले के दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’, राष्ट्रीय सचिव वरुण चौधरी और अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।

मुकदमा दर्ज कराने के नाम पर 30 हजार की वसूली! गोरखपुर में हिस्ट्रीशीटर पर गंभीर आरोप

फैसले के बाद ढोल-नगाड़ों के साथ मनाया जश्न

अदालत के फैसले की जानकारी मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल बन गया। दीवानी न्यायालय परिसर के बाहर समर्थकों ने ढोल-नगाड़े बजाए और पटाखे फोड़कर जश्न मनाया। इस दौरान राहुल गांधी के समर्थन में नारे लगाए गए।

राहुल गांधी के जिले में पहुंचने से लेकर अदालत के फैसले तक कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटी रही। स्वागत कार्यक्रमों और फैसले के बाद हुए जश्न के चलते सुलतानपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गतिविधियां चर्चा में रहीं। अदालत के निर्णय ने आठ साल से चल रहे इस मानहानि मामले में राहुल गांधी को राहत दी है।

Location :  Sultanpur

Published :  26 October 2026, 7:27 PM IST