रायबरेली में प्रॉपर्टी के लिए बहा 24 लोगों का खून, जानें पूरा विवाद

रायबरेली के शिवगढ़ क्षेत्र में मकान कब्जे को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गई। लाठी-डंडों से हुए इस संघर्ष में करीब दो दर्जन लोग घायल हो गए, जिनमें महिलाएं भी शामिल हैं। चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मामला संज्ञान में लेकर कार्रवाई की बात कही है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 15 April 2026, 4:14 PM IST

Raebareli: रायबरेली में एक मकान को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक हिंसक विवाद में बदल गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडों से हमला शुरू हो गया। गांव का माहौल रणभूमि में तब्दील हो गया, जहां चीख-पुकार और अफरा-तफरी के बीच करीब दो दर्जन लोग घायल हो गए।

कब्जे को लेकर भिड़े दो पक्ष, जमकर चले लाठी-डंडे

यह पूरा मामला रायबरेली के शिवगढ़ थाना क्षेत्र के बेराडू गांव का है। जानकारी के मुताबिक, रामेश्वर ने अपने पड़ोसी राजकुमार से 2 लाख 80 हजार रुपए में मकान खरीदा था और उस पर कब्जा भी ले लिया था। हालांकि, इस सौदे की अभी लिखित रजिस्ट्री नहीं हुई थी। आरोप है कि पैसा लेने के बावजूद राजकुमार ने उसी मकान को रामकिशुन को बेचने के लिए बातचीत शुरू कर दी। इसी विवाद ने बाद में हिंसक रूप ले लिया।

नोएडा में मजदूरों की हड़ताल को हिंसक बनाने वाली 2 महिला नेताओं की हुई पहचान, लालू यादव से जुड़ा लिंक

दूसरे खरीदार की शर्त बनी झगड़े की वजह

बताया जा रहा है कि रामकिशुन ने मकान खरीदने से पहले यह शर्त रखी थी कि पहले रामेश्वर का कब्जा हटाया जाए। इसी के चलते राजकुमार, रामकिशुन के साथ मौके पर पहुंचा और कब्जा खाली कराने की कोशिश की। इसी दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। लाठी-डंडों से हुए इस संघर्ष में महिलाएं और पुरुष दोनों घायल हुए हैं।

दो दर्जन घायल, चार की हालत गंभीर

इस हिंसक झड़प में करीब 24 लोग घायल हुए हैं, जिनमें कई महिलाओं को भी चोटें आई हैं। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां चार लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

नोएडा से उत्तराखंड पहुंची वेतन बढ़ाने वाली आग, क्या सरकार आंदोलन बढ़ने से पहले करेगी समाधान, या फिर होंगे यूपी जैसे हालात?

पुलिस बोली- तहरीर मिलते ही होगी सख्त कार्रवाई

मामले पर सीओ महाराजगंज प्रदीप कुमार ने बताया कि पुलिस को घटना की जानकारी मिल गई है और तहरीर मिलने के बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Raebareli

Published :  15 April 2026, 4:14 PM IST