हिंदी
रामनगर में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का उग्र प्रदर्शन (सोर्स: डाइनामाइट न्यूज़)
Nainital: नोएडा में मजदूर आंदोलन की आग अब उत्तराखंड तक पहुंच गई है। उत्तराखंड के नैनीताल जिले के रामनगर में बड़ी संख्या में महिलाएं इकट्ठा हुईं और वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान धामी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई।
आपको याद होगा कि उत्तर प्रदेश के नोएडा में वेतन बढ़ोतरी को लेकर हिंसक प्रदर्शन हुआ था। अब उसी आंदोलन की आंच उत्तराखंड तक पहुंच गई है। बुधवार को नैनीताल जिले के रामनगर में आंगनवाड़ी में काम करने वाली महिलाएं एकत्र हुई और वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन करने लगी। इस दौरान सरकार की कड़ी आलोचना भी की गई।
आंगनवाड़ी में कार्यरत महिलाओं का कहना है कि वे लंबे समय से उत्तराखंड की भाजपा सरकार से वेतन बढ़ोतरी की मांग कर रही हैं, लेकिन उन्हें केवल झूठे आश्वासन ही मिलते रहे हैं। महिलाओं ने आरोप लगाया कि उनकी समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है, जिसकी वजह से उनका आक्रोश अब खुलकर सामने आ रहा है।
प्रदर्शन में शामिल निधि नाम की एक महिला ने कहा कि उन्हें प्रति माह मात्र 9,300 रुपये मिलते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि इतने कम पैसे में कोई घर कैसे चला सकता है। वहीं, एक अन्य महिला सौम्या ने बताया कि खेतों में काम करने वाले मजदूरों को एक दिन के लगभग 700 रुपये मिलते हैं, लेकिन उनकी स्थिति उनसे भी खराब है।
प्रदर्शन कर रही आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की मांग है कि उनका मासिक वेतन 18,000 से 24,000 रुपये किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस मामले में ब्लॉक अध्यक्ष दीपक थमा का कहना है कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया, तो इसके गंभीर परिणाम सामने आ सकते हैं।
Location : Nainital
Published : 15 April 2026, 1:58 PM IST