रायबरेली के जगतपुर थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में चार युवतियों की मौत हो गई और पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद जिला अस्पताल में नेताओं ने घायलों से मुलाकात की। कांग्रेस ने पीड़ितों को 20 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की है।

विधायक मनोज पांडे ने घायलों से की मुलाकात
Raebareli: अंडर-कंस्ट्रक्शन गंगा एक्सप्रेसवे एक बार फिर तेज रफ्तार हादसे का गवाह बना है। रविवार को रायबरेली जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार युवतियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं। यह दिल दहला देने वाली घटना जगतपुर थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर जनौली के पास हुई, जब एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे चल रही महिलाओं को टक्कर मार दी।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, घटना के तुरंत बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलते ही जिलाधिकारी हर्षिता माथुर और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। प्रशासन ने डॉक्टरों को घायलों को बेहतर से बेहतर इलाज देने का निर्देश दिया।
इस दुखद घटना के बाद ऊंचाहार से बीजेपी विधायक मनोज कुमार पांडे जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि यह हादसा उनके निर्वाचन क्षेत्र के दीन शाह गौरा विकास खंड की चुली ग्राम पंचायत में हुआ। विधायक ने कहा कि यह बहुत दुखद घटना है जिसमें एक बेकाबू वाहन ने चार लोगों की जान ले ली और कई अन्य घायल हो गए।
रायबरेली में तेज रफ्तार का कहर: अज्ञात वाहन ने तीन युवकों को कुचला, हादसे में 2 की मौत
उन्होंने मेडिकल अधिकारियों से घायलों को उचित इलाज मुहैया कराने के बारे में बात की और उन्हें आश्वासन दिया कि प्रशासन प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है। उन्होंने यह भी कहा कि घटना की जांच की जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष पंकज तिवारी भी जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों से मिले। उन्होंने मांग की कि सरकार मृतकों और घायलों को 20-20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दे। उन्होंने कहा कि हादसे के सभी पीड़ित गरीब और पिछड़े वर्ग के हैं और इस घटना से उनके परिवारों को गहरा सदमा लगा है।
उन्होंने मांग की कि प्रशासन यह सुनिश्चित करे कि घायलों का इलाज पूरी गंभीरता से किया जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए एक्सप्रेसवे पर मज़बूत सुरक्षा व्यवस्था की जाए।
लगातार हो रहे सड़क हादसों ने अंडर-कंस्ट्रक्शन गंगा एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार वाहनों पर कोई नियंत्रण नहीं है, जिससे बार-बार हादसे होते हैं। उन्होंने अधिकारियों से गति को नियंत्रित करने और पैदल चलने वालों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।