हिंदी
महराजगंज के घुघली थाना क्षेत्र में CTET परीक्षा देकर लौट रहे अभ्यर्थियों की बोलेरो पुरैना खंडी चौराहे पर कार से टकराकर पलट गई। हादसे में आठ लोग वाहन में फंस गए, जिनमें दो युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
क्षतिग्रस्त वाहन
महराजगंज: जनपद के घुघली थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। CTET परीक्षा देकर लौट रहे उम्मीदवारों को ले जा रही एक बोलेरो पुरैना खंडी मुख्य चौराहे पर सामने से आ रही एक कार से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो पलट गई, जिससे उसमें सवार सभी लोग अंदर फंस गए।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए ट्रैफिक पूरी तरह से रुक गया।
चश्मदीदों के मुताबिक, बोलेरो परतावल रोड से निचलौल की तरफ तेज रफ्तार से जा रही थी, जबकि कार शिकारपुर से घुघली की तरफ आ रही थी। जैसे ही दोनों गाड़ियां पुरैना खंडी चौराहे के पास पहुंचीं, वे अचानक आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर के बाद बोलेरो कई बार पलटी और सड़क किनारे जाकर रुकी, जबकि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।
दिल्ली में 9 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, अभिभावकों में मचा हड़कंप; अलर्ट मोड में दिल्ली पुलिस
हादसे के तुरंत बाद दुकानदार और राहगीर मौके पर पहुंचे। गांव वालों ने बोलेरो में फंसे लोगों को बचाने के लिए काफी मेहनत की। थोड़ी देर बाद पुलिस को सूचना दी गई और घुघली थाने के इंचार्ज कुंवर गौरव सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायलों को बचाया और एम्बुलेंस से पास के अस्पताल भेजा।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, बोलेरो में सवार सभी लोग गोरखपुर के पिपराइच में हुई CTET परीक्षा देकर निचलौल लौट रहे थे। गाड़ी में ड्राइवर समेत कुल आठ लोग थे, अफसाना खातून (डिघी की रहने वाली), गुलहफसा खातून, अस्मिता सेन (छितौना की रहने वाली), अब्दुल रऊफ अंसारी (डिघी के रहने वाले) और अंश। अफसाना खातून और अस्मिता सेन को गंभीर चोटें आई हैं और उनका इलाज चल रहा है। बाकी यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं।
रायबरेली में चाइनीज मांझे से मौत के बाद पुलिस ने की छापेमारी, बेचने वालों पर होगा बड़ा एक्शन
पुलिस ने बोलेरो ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है और उसे थाने भेज दिया है। उन्होंने दोनों क्षतिग्रस्त गाड़ियों को भी सड़क से हटा दिया है और ट्रैफिक फिर से शुरू कर दिया है। हादसे की वजह से चौराहे पर कुछ देर के लिए जाम लग गया था। पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और तेज रफ्तार को मुख्य कारण माना जा रहा है।