सूखी नहरों ने तोड़ी किसानों की उम्मीद… रायबरेली में विकास भवन घेरा, फसल बचाने को सड़क पर उतरे किसान

रायबरेली में किसानों का गुस्सा उस समय सड़क पर दिखा जब सूखी नहरों और खेती से जुड़ी समस्याओं को लेकर सैकड़ों किसान विकास भवन पहुंच गए। किसानों ने सिंचाई, खाद, बिजली और गांवों की कई समस्याओं को लेकर प्रशासन के सामने अपनी मांगें रखीं।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 17 July 2026, 7:59 PM IST

Raebareli: जिले में किसानों की समस्याओं को लेकर शुक्रवार को विकास भवन परिसर में बड़ा प्रदर्शन देखने को मिला। किसान कल्याण एसोसिएशन के बैनर तले सैकड़ों किसान और महिलाओं ने धरना देकर अपनी मांगें प्रशासन के सामने रखीं। किसानों का कहना है कि सूखी पड़ी नहरों के कारण धान समेत कई फसलों की सिंचाई प्रभावित हो रही है, जिससे खेती पर संकट बढ़ता जा रहा है।

धरने के दौरान किसानों ने सिंचाई व्यवस्था, खाद की उपलब्धता, बिजली कटौती और गांवों की अन्य समस्याओं को लेकर नाराजगी जताई। संगठन के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और बड़ा रूप दिया जाएगा।

नहरों में पानी न आने से परेशान किसान

किसान कल्याण एसोसिएशन के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन की अगुवाई संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालता प्रसाद शुक्ल ने की। धरने में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे किसानों ने प्रशासन के सामने अपनी समस्याएं रखीं। किसानों का सबसे बड़ा मुद्दा नहरों में पानी की कमी रहा। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जिले की कई नहरें लंबे समय से सूखी पड़ी हैं। इसका सीधा असर खेती पर पड़ रहा है। धान सहित अन्य फसलों की सिंचाई समय पर नहीं हो पा रही है, जिससे किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।

किसानों ने मांग की कि सभी नहरों में जल्द से जल्द पानी छोड़ा जाए, ताकि फसलों को बचाया जा सके।

पत्नी को ढूंढते-ढूंढते पहुंच गया रिश्तेदार के घर… मासूम बच्ची को उठाने की कोशिश, फिर हुआ कुछा ऐसा…

खाद और बिजली संकट पर भी जताई नाराजगी

धरने में किसानों ने सहकारी समितियों में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई। उनका आरोप है कि समय पर खाद न मिलने से खेती प्रभावित हो रही है और किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा किसानों ने अघोषित बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या का मुद्दा भी उठाया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बिजली की अनियमित आपूर्ति से खेती के साथ-साथ आम लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित हो रही है। उन्होंने प्रशासन से निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।

अवैध चारा बिक्री और अंडरपास निर्माण का मुद्दा उठा

प्रदर्शन के दौरान सलोन क्षेत्र में पशुओं के हरे चारे की अवैध बिक्री का मामला भी उठाया गया। किसानों ने इस पर रोक लगाने की मांग की। इसके साथ ही छतोह-गांधीनगर मार्ग पर निर्माणाधीन रेलवे अंडरपास का मुद्दा भी प्रमुखता से सामने आया। किसानों ने कहा कि करीब डेढ़ साल से अंडरपास का निर्माण अधूरा पड़ा है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही है। उन्होंने मांग की कि निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

जिस जमीन के लिए मचा था हंगामा, वहीं मिला कब्जा… खजनी तहसील विवाद में दोबारा पैमाइश से खुला पूरा सच

अतिक्रमण हटाने की भी उठी मांग

किसानों ने ग्राम सभा गोपालपुर, विकासखंड और तहसील सलोन में चकमार्ग संख्या 637 पर हुए अतिक्रमण को हटाने की मांग की। इसके अलावा ग्राम सभा बेटा खुर्द, तहसील सदर में सुरक्षित भूमि, घूर गड्ढा और खलिहान की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग भी प्रशासन के सामने रखी गई।

ज्ञापन सौंपकर दी आंदोलन की चेतावनी

धरना समाप्त होने के बाद किसान कल्याण एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा। किसान नेताओं ने कहा कि अगर उनकी समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो संगठन किसानों के हित में बड़े आंदोलन की तैयारी करेगा।

Location :  Raebareli

Published :  17 July 2026, 7:59 PM IST