हिंदी
सांसद रवि किशन का 'फर्जी PSO' गिरफ्तार(Source: Dynamite News)
Raebareli: उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले से जालसाजी का एक अत्यंत अनोखा मामला सामने आया है, जहाँ एक युवक खुद को गोरखपुर के यशस्वी सांसद रवि किशन का पीएसओ (सुरक्षाकर्मी) बताकर एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी को डराने-धमकाने की कोशिश कर रहा था। स्थानीय पुलिस ने इस शातिर और फर्जी बॉडीगार्ड को रंगे हाथों पकड़ने में सफलता हासिल की है। आरोपी युवक डलमऊ तहसील के एसडीएम (SDM) कार्यालय में अपना फर्जी आईकार्ड दिखाकर जबरदस्त धौंस जमा रहा था, लेकिन उसकी एक छोटी सी गलती ने उसे सीधे सलाखों के पीछे पहुँचा दिया।
लालगंज का रहने वाला सूरज सिंह नाम का यह युवक एक बंदूक के लाइसेंस के काम से एसडीएम सतेंद्र सिंह के पास पहुंचा था। उसने सोचा कि सांसद का नाम लेकर वह अधिकारी पर दबाव बना लेगा और अपना काम निकलवा लेगा। लेकिन उसे यह नहीं पता था कि एसडीएम साहब के संबंध खुद गोरखनाथ मंदिर और सांसद रवि किशन के दफ्तर से हैं।
Raebareli News: NTPC में श्रमिकों का हंगामा, पारिश्रमिक न मिलने पर जोरदार प्रदर्शन
जब एसडीएम को युवक पर शक हुआ, तो उन्होंने तुरंत सांसद के दफ्तर फोन लगा दिया। वहाँ से जवाब आया कि इस नाम का कोई भी व्यक्ति उनके यहां काम नहीं करता। बस फिर क्या था, झूठ पकड़ते ही पुलिस को बुला लिया गया।
जैसे ही पुलिस मौके पर पहुंची, रौब झाड़ने वाला सूरज सिंह एकदम से ढीला पड़ गया। जो युवक कुछ देर पहले अफसर पर दबाव बना रहा था, वह गिरफ्तारी के डर से हाथ जोड़कर माफी माँगने लगा। उसने बचने के लिए कई और झूठ बोले, लेकिन पुलिस के सामने उसकी एक न चली।
जिले के एडिशनल एसपी संजीव कुमार सिन्हा ने आधिकारिक बयान देते हुए बताया कि आरोपी सूरज सिंह फर्जी पहचान पत्र के सहारे सरकारी कार्यों में बाधा डालने और अनैतिक दबाव बनाने का प्रयास कर रहा था। पुलिस ने उसके पास से नकली दस्तावेज और फर्जी पहचान पत्र बरामद कर लिए हैं। उसे तत्काल प्रभाव से गिरफ्तार कर लिया गया है और धोखाधड़ी व जालसाजी की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।
Location : Raebareli
Published : 3 April 2026, 9:57 AM IST
Topics : fraud case Raebareli Ravi Kishan UP Police