हिंदी
रायबरेली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Raebareli: दिल्ली के जंतर-मंतर पर हो रहे राजनीतिक घटनाक्रम और कांग्रेस के शीर्ष नेताओं की कथित तौर पर हुई नजरबंदी के विरोध में रायबरेली में कांग्रेस पार्टी का गुस्सा फूट पड़ा। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और 'वोट चोरी' के गंभीर आरोपों को लेकर आज जिला कांग्रेस कमेटी ने एक विशाल विरोध प्रदर्शन और मार्च का आयोजन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बांह पर काली पट्टी बांधकर आज के दिन को 'लोकतंत्र का काला दिन' के रूप में दर्ज किया।
विरोध प्रदर्शन की शुरुआत रायबरेली स्थित तिलक भवन से हुई। यहां जिला अध्यक्ष पंकज तिवारी के नेतृत्व में भारी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता एकजुट हुए। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर जिलाधिकारी कार्यालय तक मार्च निकाला।
प्रदर्शन के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर और शहर की सड़कें सरकार विरोधी नारों से गूंज उठीं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य रूप से "वोट चोर, गद्दी छोड़" और "ज्ञानेश कुमार कहां मिलेंगे- मोदी जी की गोदी में" जैसे तीखे नारे लगाए। इन नारों के जरिए चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और केंद्र सरकार पर सीधे सवाल खड़े किए गए।
कांग्रेस नेताओं ने दिल्ली में सांसद एवं नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी तथा सांसद प्रियंका गांधी को पुलिस द्वारा रोके जाने, उन्हें डिटेन करने और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज किए जाने की कड़ी निंदा की।
जिला अध्यक्ष पंकज तिवारी ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को गिरफ्तार कर जेल नहीं भेजा जाता, तब तक कांग्रेस का यह विरोध प्रदर्शन और संघर्ष लगातार जारी रहेगा।
शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष धीरज श्रीवास्तव ने इस पूरी कार्रवाई को लोकतंत्र के इतिहास का एक काला अध्याय करार दिया। उन्होंने कहा कि सरकार लोकतांत्रिक मूल्यों का गला घोंट रही है और विपक्षी नेताओं की आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है।
महिला जिला अध्यक्ष शैलजा सिंह ने दिल्ली पुलिस के रवैये पर आपत्ति जताते हुए कहा कि जिस प्रकार सांसद प्रियंका गांधी के साथ व्यवहार किया गया, वह मौजूदा सत्ताधारी दल की महिला विरोधी मानसिकता को साफ तौर पर उजागर करता है।
धरना प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि देश में संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए कांग्रेस पार्टी का यह आंदोलन और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में पार्टी के तमाम पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता और सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिन्होंने सरकार के खिलाफ अपनी एकजुटता और संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
Location : Raebareli
Published : 8 October 2026, 3:09 PM IST