भैंस चराने खेत गया था 18 साल का युवक, अचानक आसमान से गिरी बिजली और थम गई सांसें; गांव में पसरा मातम

प्रतापगढ़ के सांगीपुर में बारिश के दौरान खेत में भैंस चराने गए 18 वर्षीय युवक के साथ ऐसा हादसा हुआ, जिसने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया। अचानक आकाशीय बिजली गिरने से युवक उसकी चपेट में आ गया।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 11 September 2026, 2:51 PM IST
google-preferred

Pratapgarh: प्रतापगढ़ के सांगीपुर इलाके में गुरुवार देर शाम बारिश के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। वीर शाहपुर गांव में भैंस चराने खेत की ओर गए 18 वर्षीय युवक की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। कुछ ही देर में गांव में भी मातम का माहौल बन गया।

मृतक की पहचान सद्गुरु वर्मा (18) पुत्र रामदीन वर्मा के रूप में हुई है। बताया गया कि वह रोज की तरह गांव के बाहर खेत में भैंस चराने गया था। उस समय मौसम सामान्य था, लेकिन शाम होते-होते अचानक आसमान में बादल घिर आए और तेज बारिश शुरू हो गई।

अचानक बदला मौसम और गिर गई बिजली

परिजनों के मुताबिक, बारिश के साथ तेज गरज-चमक हो रही थी। इसी दौरान खेत में मौजूद सद्गुरु आकाशीय बिजली की चपेट में आ गया। बिजली गिरने के बाद युवक गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही उसकी हालत बेहद खराब हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़े। ग्रामीणों ने परिवार को हादसे की सूचना दी। परिजन भी बिना देर किए घटनास्थल पर पहुंचे और सद्गुरु को लेकर सांगीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे।

ये भी पढ़ें- 2023 में सड़क हादसे में गई थी जान, अब परिवार को मिलेगा 66.89 लाख! जानें कोर्ट ने किसे ठहराया जिम्मेदार

डॉक्टरों ने देखते ही मृत घोषित किया

परिजनों को उम्मीद थी कि अस्पताल पहुंचने के बाद शायद युवक की जान बचाई जा सकेगी। हालांकि, सांगीपुर सीएचसी में डॉक्टरों ने जांच के बाद सद्गुरु को मृत घोषित कर दिया। यह सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। युवक की अचानक मौत से परिजन सदमे में हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, सद्गुरु परिवार के लिए काफी महत्वपूर्ण था। जवान उम्र में हुई इस मौत ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।

पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

हादसे की सूचना मिलने के बाद सांगीपुर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी के मुताबिक, आकाशीय बिजली गिरने से हुई मौत के संबंध में प्राकृतिक आपदा की रिपोर्ट दर्ज की गई है।

ये भी पढ़ें- कुरकुरे का लालच देकर 9 साल की मासूम को ले उड़ा शातिर! मिर्जापुर से प्रयागराज तक अपहरण की इस खौफनाक दास्तां से सहमा परिवार

प्रशासन की ओर से मामले की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन से दैवीय आपदा के तहत सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

15 दिन पहले ही मुंबई से गांव आया था सद्गुरु

इस हादसे ने परिवार के दुख को और गहरा कर दिया है। ग्रामीणों के अनुसार, सद्गुरु के पिता रामदीन वर्मा के निधन के बाद वह करीब 15 दिन पहले ही मुंबई से अपने गांव आया था। परिवार अभी पिता की मौत के सदमे से पूरी तरह उबर भी नहीं पाया था कि जवान बेटे की मौत ने एक और बड़ा दुख दे दिया। एक तरफ घर में बेटे के शव को देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं दूसरी ओर गांव में भी शोक की लहर है। 

Location :  Pratapgarh

Published :  11 September 2026, 2:51 PM IST

Advertisement