अमेठी में देर रात सड़कों पर उतरे डीएम, गड्ढे देखकर पीडब्लूडी को दिया अल्टीमेटम

जिलाधिकारी अमेठी शशांक चौधरी ने दुर्गा पूजा और मूर्ति विसर्जन से पहले सड़कों की बदहाली दूर करने के लिए शुक्रवार देर रात निरीक्षण पर निकले। अमेठी-धम्मौर और ककवा मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे और सड़क की खराब स्थिति देखकर डीएम ने नाराजगी जताई।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 10 October 2026, 2:41 AM IST

Pratapgarh: जिलाधिकारी अमेठी शशांक चौधरी ने दुर्गा पूजा और मूर्ति विसर्जन से पहले सड़कों की बदहाली दूर करने के लिए शुक्रवार देर रात निरीक्षण पर निकले। अमेठी-धम्मौर और ककवा मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे और सड़क की खराब स्थिति देखकर डीएम ने नाराजगी जताई।

उन्होंने लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड और निर्माण खंड के अधिशासी अभियंताओं को दोनों मार्गों की मरम्मत दो दिन के भीतर हर हाल में पूरी कराने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि समयसीमा समाप्त होने के बाद वह दोबारा स्थलीय निरीक्षण करेंगे।

त्योहार के दौरान श्रद्धालुओं के सुरक्षित और सुगम आवागमन को देखते हुए डीएम ने अन्य खराब मार्गों को भी प्राथमिकता से दुरुस्त कराने और मरम्मत कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने शुक्रवार देर रात लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ तहसील अमेठी अंतर्गत प्रमुख मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़कों की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अमेठी-धम्मौर रोड एवं ककवा रोड का जायजा लिया। मौके पर दोनों मार्गों की स्थिति खराब पाई गई तथा कई स्थानों पर सड़क पर गड्ढे मिले। आगामी त्योहारों और मूर्ति विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए जिलाधिकारी ने सड़कों की खराब स्थिति को गंभीरता से लिया।

उन्होंने लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड एवं निर्माण खंड के अधिशासी अभियंताओं को निर्देशित किया कि दोनों मार्गों की मरम्मत का कार्य आगामी दो दिनों के भीतर हर हाल में पूरा कराया जाए।

आमजनमानस की सुविधाओं का रखा जाय ध्यान

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़कों पर बने गड्ढों को तत्काल भरवाते हुए आवागमन को सुगम और सुरक्षित बनाया जाए। मरम्मत कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-पंडालों एवं मूर्ति विसर्जन स्थलों तक पहुंचते हैं। ऐसे में प्रमुख मार्गों की स्थिति बेहतर रखना आवश्यक है, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो और किसी अप्रिय घटना की आशंका को कम किया जा सके।

अधिकारियों को निगरानी का दिया निर्देश।

जिलाधिकारी ने दुर्गा पूजा एवं मूर्ति विसर्जन के दृष्टिगत जनपद के अन्य प्रमुख मार्गों को भी चिन्हित कर उनकी मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से कहा कि जिन मार्गों पर गड्ढे हैं अथवा सड़क की स्थिति खराब है। उन्हें प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराया जाए। संबंधित अधिकारी स्वयं कार्यों की निगरानी करें और यह सुनिश्चित करें कि मरम्मत का कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा हो।

दो दिन बाद पुनः होगा निरीक्षण

उन्होंने स्पष्ट किया कि आगामी दो दिनों के बाद उनके द्वारा पुनः स्थलीय निरीक्षण किया जाएगा। इसलिए संबंधित अधिकारी निर्धारित समयसीमा से पहले सभी आवश्यक कार्य पूर्ण कर लें, ताकि पुनः निरीक्षण के दौरान मार्गों की स्थिति संतोषजनक मिले।

सभी सड़के हो गढ्ढा मुक्त

जिलाधिकारी ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी द्वारा भी सड़कों की मरम्मत एवं गड्ढा भराई के कार्य समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में जनपद में भी संबंधित विभागों को पूरी गंभीरता और तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात और बेहतर आवागमन व्यवस्था प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सुनिश्चित करें कि दुर्गा पूजा एवं मूर्ति विसर्जन के दौरान किसी भी व्यक्ति को खराब सड़कों के कारण असुविधा का सामना न करना पड़े।

Location :  Pratapgarh

Published :  10 October 2026, 1:23 AM IST