

एक बड़ा हादसा यमुना एक्सप्रेसवे पर हुआ है। जिसमें चार पुलिस वाले गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की यह रिपोर्ट
यमुना एक्सप्रेसवे पर "पुलिस की कार" हुई हादसे का शिकार
मथुरा: नोहझील थाना क्षेत्र में स्थित यमुना एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार से नोएडा की ओर जा रही वैगनआर कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। जिससे कार में सवार चार पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए जाम की स्थिति भी बन गई।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक, घटना सुबह करीब 7:30 बजे माइलस्टोन 74 के पास हुई। जब कार का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर से टकराकर कई बार पलटती चली गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार की हालत देखकर यह अंदाजा लगाना मुश्किल नहीं था कि हादसा कितना भयावह था।
सभी घायल पुलिसकर्मी थे, छुट्टी पर घर लौट रहे थे
कार में सवार सभी चारों व्यक्ति उत्तर प्रदेश पुलिस में तैनात हैं। घायलों की पहचान सत्यपाल (निवासी आगरा), राहुल (निवासी आगरा), सुरेंद्र (निवासी आगरा) और गौरव (निवासी मथुरा) के रूप में हुई है। ये सभी पुलिसकर्मी मुज़फ्फरनगर जिले के थाना बुढ़ाना में तैनात थे और छुट्टी लेकर अपने-अपने घर लौट रहे थे। सुबह की रफ्तार और थकावट की स्थिति में यह आशंका जताई जा रही है कि चालक का वाहन पर नियंत्रण खो गया, जिससे हादसा हुआ।
पुलिस और एक्सप्रेसवे पेट्रोलिंग टीम ने तुरंत किया रेस्क्यू
हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और यमुना एक्सप्रेसवे ऑथोरिटी की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तुरंत एम्बुलेंस की मदद से मथुरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस का बयान
पुलिस ने बताया कि प्राथमिक जांच में पता चला है कि तेज रफ्तार के कारण कार डिवाइडर से टकरा कर पलटी। सभी घायल पुलिसकर्मी हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटनाग्रस्त कार को बाजना कट चौकी पर खड़ा किया गया है और यातायात को सामान्य कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।