
प्रतीकात्मक छवि (Img: Pinterest)
Pilibhit: रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के संतोषपुरा गांव से सामने आई है। यहां महज संपत्ति के लालच में एक पिता और भाई ने मिलकर अपने ही खून की बेरहमी से गला दबाकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं, गुनाह को छुपाने के लिए उन्होंने शव को घर से 200 मीटर दूर ले जाकर एक बाग में पेड़ से लटका दिया ताकि मामला आत्महत्या लगे।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्यारोपित पिता ढाकनलाल, बड़े भाई भगवत शरण और शव को ठिकाने लगाने में मदद करने वाले एक नाबालिग भतीजे को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पत्नी हीराकली की तहरीर के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों को जेल भेज दिया है।
मूल रूप से संतोषपुरा के रहने वाले होरीलाल पिछले दो वर्षों से उत्तराखंड के रुद्रपुर में नौकरी कर रहे थे। वह जब भी घर आते थे, अपने हिस्से की भूमि, बाग और अन्य पारिवारिक संपत्ति के बंटवारे की मांग करते थे। पिता ढाकनलाल और भाई भगवत शरण हमेशा इस बंटवारे का विरोध करते थे।
बीते 24 जून को होरीलाल जब रुद्रपुर से छुट्टी लेकर घर लौटे, तो उन्होंने फिर से संपत्ति के बंटवारे की बात उठाई। इस बात को लेकर घर में तीखी बहस शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि पिता और भाई ने मिलकर होरीलाल की बेरहमी से पिटाई की और फिर गला दबाकर उन्हें मौत के घाट उतार दिया।
25 जून की सुबह जब ग्रामीणों ने बाग में होरीलाल का शव लटका देखा तो इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस के सामने शातिर पिता ढाकनलाल ने कहानी गढ़ी कि होरीलाल का रात में किसी रिश्तेदार से विवाद हुआ था, जिससे आहत होकर उसने सुसाइड कर लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
26 जून को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरी कहानी पलट दी। रिपोर्ट में साफ हुआ कि होरीलाल की मौत फंदे से लटकने से नहीं, बल्कि गला दबाने से हुई थी और उनके पैर पर चोट के निशान थे। जांच की दिशा बदलते ही पुलिस ने मृतक की पत्नी हीराकली से संपर्क किया, जिसने संपत्ति विवाद की बात पुख्ता कर दी।
संदेह के घेरे में आए पिता, भाई और भतीजे को हिरासत में लेकर जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की, तो मृतक का नाबालिग भतीजा सबसे पहले टूट गया। उसने पुलिस के सामने पूरी मर्डर मिस्ट्री का राजफाश कर दिया।
Baghpat News: बारात निकलने ही वाली थी कि ‘हाईकोर्ट’ का फरमान लेकर धमक पड़ी पहली पत्नी, फिर जो हुआ…
नाबालिग ने बताया कि रात में रेलवे लाइन के पास पिता और भाई ने मिलकर पहले होरीलाल को पीटा, जिससे उसके पैर में चोटें आईं और फिर गला दबाकर मार डाला। इसके बाद रात के अंधेरे में शव को आम के पेड़ की ऊंची डाल पर लटका दिया।
एसपी सुकीर्ति माधव ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पूछताछ में उन्होंने बताया कि होरीलाल नशे में बंटवारे की जिद पर अड़ा था और हाथापाई के दौरान गुस्से में उसकी जान चली गई। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
Location : Pilibhit
Published : 29 June 2026, 2:17 PM IST