बलिया के सिकन्दरपुर में गुप्त सूचना पर छापा, धर्म परिवर्तन के आरोप में पादरी गिरफ्तार, जानें पूरा मामला

बलिया के सिकन्दरपुर में धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में पादरी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 124 धार्मिक पुस्तकें, म्यूजिक सिस्टम और अन्य उपकरण बरामद किए। मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच जारी है।

Updated : 23 February 2026, 5:54 PM IST
google-preferred

Ballia: उत्तर प्रदेश के बलिया जनपद के सिकन्दरपुर थाना क्षेत्र में धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में पुलिस ने एक पादरी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। पुलिस ने मौके से प्रभु ईसा से संबंधित 124 पुस्तकें, म्यूजिक सिस्टम और अन्य उपकरण बरामद किए हैं। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और पुलिस पूरे प्रकरण की गहन जांच में जुटी है।

शिकायत के आधार पर दर्ज हुआ मुकदमा

पुलिस के अनुसार 22 फरवरी 2026 को सिकन्दरपुर थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि कस्बा सिकन्दरपुर के वार्ड नंबर पांच स्थित एक मकान में 15-20 महिलाओं और कुछ बच्चों को एकत्र कर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जा रहा है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की जा रही थी और ईसाई धर्म अपनाने के लिए धन व नौकरी का लालच दिया जा रहा था।

वादी ने स्वयं को भी प्रलोभन दिए जाने की बात कही। तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।

Ballia News: टीएससीटी की मिसाल, जिले की तीन बेटियों के विवाह के लिए मिला हजारों का शगुन सहयोग

इन धाराओं में हुआ केस दर्ज

पुलिस ने आरोपों को गंभीर मानते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 302 और 352 के साथ ही उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/5(1) के तहत मुकदमा पंजीकृत किया। अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द बनाए रखना प्राथमिकता है, इसलिए मामले में त्वरित कार्रवाई की गई।

मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तारी

विवेचना के दौरान सोमवार सुबह लगभग 7:10 बजे उपनिरीक्षक अश्वनी कुमार मिश्र ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को कस्बा सिकन्दरपुर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान जोसे थोमस पुत्र थोमस लुकेस निवासी न्यू पाटलिपुत्र कॉलोनी, पटना (बिहार) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी का अस्थायी पता केरल राज्य में भी बताया गया है।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से आगे की विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

बरामद सामान की सूची

पुलिस कार्रवाई के दौरान मौके से धार्मिक गतिविधियों में उपयोग किए जा रहे कई सामान बरामद किए गए। बरामदगी में एक बोरी में रखी प्रभु ईसा से संबंधित 124 पुस्तकें, एक म्यूजिक सिस्टम, तीन माइक्रोफोन, दो केबल, एक साउंड बॉक्स, एक पीए सिस्टम और एक डेटा केबल शामिल हैं।

पुलिस का कहना है कि इन उपकरणों का उपयोग कथित रूप से सभा आयोजित करने और लोगों को संबोधित करने के लिए किया जा रहा था।

Ballia News: बलिया में पुलिस हिस्ट्रीशीटर पशु तस्कर के बीच मुठभेड़, आरोपी गिरफ्तार; जानें क्या है पूरा मामला

पुलिस का बयान और आगे की जांच

इस मामले में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ल ने बताया कि प्राप्त शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं, क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क है।

Location : 
  • Ballia

Published : 
  • 23 February 2026, 5:54 PM IST

Advertisement
Advertisement