
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
Deoria: जनपद देवरिया के एकौना थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नारायणपुर औराई में शनिवार की शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब खेत में पानी चलाने गए एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। शव मिलने की खबर जैसे ही गांव में फैली, पूरे इलाके में अफरा-तफरी और शोक का माहौल बन गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के अनुसार, मृतक की पहचान हंस प्रसाद (35) पुत्र स्वर्गीय राजकुमार, निवासी ग्राम नारायणपुर औराई के रूप में हुई है। हंस प्रसाद शनिवार दोपहर करीब अपने गांव के पश्चिम दिशा स्थित खेत में पोखरे से पानी चलाने गया था। काफी देर तक जब वह घर वापस नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता होने लगी।
शाम के समय ग्रामीण जब खेत की ओर गए तो उन्होंने हंस प्रसाद को खेत में मृत अवस्था में पड़ा देखा। इसके बाद गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना एकौना थाना पुलिस को दी। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।
Gorakhpur Crime: नौकरी के नाम पर ठगी का बड़ा खुलासा, शाहपुर पुलिस ने अंतरराज्यीय जालसाज को दबोचा
शव मिलने की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। परिजन दहाड़े मारकर रोने लगे। मृतक की पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। बताया जा रहा है कि हंस प्रसाद अपने पीछे पत्नी और तीन मासूम बच्चों को छोड़ गया है, जिनमें दो बेटे और एक बेटी शामिल हैं। परिवार के सामने अब जीवनयापन का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
सूचना मिलते ही एकौना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
फिलहाल युवक की मौत को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ लोग इसे अचानक तबीयत बिगड़ने या करंट लगने से मौत की आशंका जता रहे हैं, जबकि कुछ लोग हादसे की बात कह रहे हैं। हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
घटना के बाद से पूरे गांव में शोक का माहौल है। हर कोई इस घटना से स्तब्ध है। ग्रामीणों का कहना है कि हंस प्रसाद मेहनती और सरल स्वभाव का व्यक्ति था। उसकी असमय मौत से गांव ने एक मेहनती किसान को खो दिया है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और हर पहलू पर ध्यान दिया जा रहा है।
Location : Deoria
Published : 20 December 2025, 9:19 PM IST
Topics : Deoria News up crime UP News UP Police