फीस बढ़ोतरी से फूटा गुस्सा! प्राइवेट स्कूलों के खिलाफ सड़क पर उतरे अभिभावक, सपा ने दी बड़े आंदोलन की चेतावनी

सोनभद्र में प्राइवेट स्कूलों की फीस बढ़ोतरी और महंगी शैक्षणिक सामग्री को लेकर अभिभावकों का गुस्सा फूट पड़ा। समाजवादी पार्टी के नेतृत्व में प्रदर्शन कर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया और जल्द कार्रवाई न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी गई।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 4 April 2026, 2:37 PM IST
google-preferred

Sonbhadra: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ ही शिक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। प्राइवेट स्कूलों की मनमानी के खिलाफ अभिभावकों का गुस्सा अब खुलकर सामने आ रहा है। हालात ऐसे बन गए हैं कि लोग मजबूरी में सड़कों पर उतरने को तैयार हैं। शुक्रवार को तहसील दिवस के मौके पर अभिभावकों और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया और प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज होगा।

मनमानी फीस बढ़ोतरी ने बढ़ाई मुश्किलें

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे सपा जिला सचिव प्रमोद यादव ने आरोप लगाया कि जिले के ज्यादातर प्राइवेट, खासकर इंग्लिश मीडियम स्कूल, बिना किसी नियम-कानून के फीस बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले से ही महंगाई की मार झेल रहे मध्यमवर्गीय और गरीब परिवारों के लिए बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाना अब बेहद मुश्किल हो गया है।

किताब, कॉपी और यूनिफॉर्म में भी ‘खेल’ का आरोप

इस पूरे मामले में एक और गंभीर आरोप सामने आया है। एडवोकेट कैलाश नाथ तिवारी ने बताया कि कई स्कूलों ने किताबें, कॉपियां और यूनिफॉर्म खरीदने के लिए अपनी तय दुकानें निर्धारित कर रखी हैं। अभिभावकों का कहना है कि उन्हें मजबूरी में उन्हीं दुकानों से ज्यादा कीमत पर सामान खरीदना पड़ता है।

छात्रों के सपनों के साथ बड़ा खेल: एडमिशन के नाम पर लाखों की ठगी! हैरान कर देगा सोनभद्र का ये मामला

महिलाओं ने बयां किया दर्द

प्रदर्शन में शामिल बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी अपनी परेशानियां खुलकर सामने रखीं। उनका कहना है कि घर के खर्च, बच्चों की पढ़ाई और रोजमर्रा की जरूरतों के बीच संतुलन बनाना दिन-ब-दिन कठिन होता जा रहा है। पेट्रोल, गैस और अन्य जरूरी चीजों की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी के बीच स्कूलों की बढ़ी हुई फीस और महंगी पढ़ाई ने हालात और बिगाड़ दिए हैं।

सपा ने दी आंदोलन की चेतावनी

महिला सभा की जिला अध्यक्ष गीता गौर ने साफ चेतावनी दी कि अगर जल्द इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो पार्टी बड़े स्तर पर आंदोलन करेगी। सपा कार्यकर्ताओं ने भी प्रशासन को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो वे जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव करेंगे और आंदोलन को और उग्र रूप देंगे।

“मजदूरों को न्याय दो” के नारों से गूंजा सोनभद्र, काली पट्टी बांधकर सड़कों पर उतरे इस विभाग के कर्मचारी, जानें पूरा मामला

इस प्रदर्शन के दौरान सुरेश यादव, कामता यादव, मृगराज सिंह, शाहनवाज, टीटू गुप्ता, लवकुश बिंद और संदीप पटेल सहित बड़ी संख्या में अभिभावक और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Location : 
  • Sonbhadra News

Published : 
  • 4 April 2026, 2:37 PM IST

Advertisement