नोएडा में पड़ोसी की दीवार मासूम पर भरभराकर गिरी, मलबे में दबकर चली गई मासूम की जान

नोएडा के फेज-2 क्षेत्र में पड़ोसी की सातवीं मंजिल की दीवार गिरने से 10 वर्षीय बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। पिता ने भवन निर्माण में लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 28 June 2026, 8:32 AM IST

Noida: नोएडा के फेज-2 थाना क्षेत्र में पड़ोसी की सातवीं मंजिल से दीवार गिरने से 10 वर्षीय बच्चे की मौत के मामले में पिता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़ित का आरोप है कि भवन निर्माण के दौरान बरती गई लापरवाही की वजह से उनके बेटे की जान गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

छत पर खेल रहे मासूम पर भरभराकर गिरी दीवार

नोएडा के फेज-2 थाना क्षेत्र में पड़ोसी के मकान की दीवार गिरने से 10 वर्षीय बच्चे की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। हादसे के पांच दिन बाद मृतक के पिता ने पड़ोसी के खिलाफ लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। परिवार का कहना है कि भवन निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई, जिसकी कीमत उनके मासूम बेटे को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी।

Noida News: सेक्टर-52 में सुबह-सुबह हड़कंप, पीजी बिल्डिंग में आग, धुएं से मचा अफरा-तफरी

सातवीं मंजिल की दीवार बनी हादसे की वजह

मूल रूप से बिहार के बेगूसराय जिले के रहने वाले मोहम्मद सद्दाम वर्तमान में नोएडा के शिव शक्ति एंकलेव में किराए पर रहते हैं और मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनके घर के बराबर में रविंद्र खारी का छह मंजिला मकान है। आरोप है कि मकान की सातवीं मंजिल पर करीब चार फीट ऊंची ईंट की दीवार बिना पर्याप्त सहारे के बनाई गई थी और निर्माण के दौरान आवश्यक सावधानियां नहीं बरती गईं।

मलबे में दबने से चली गई मासूम की जान

पीड़ित परिवार ने बताया कि 23 जून को उनका 10 वर्षीय बेटा महमूद आलम तीसरी मंजिल की छत पर खेल रहा था। तभी पड़ोसी की ऊपरी मंजिल की दीवार अचानक भरभराकर उनकी छत पर गिर गई। दीवार के मलबे में दबने से बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

मृतक के पिता ने आरोप लगाया है कि भवन निर्माण में बरती गई लापरवाही और असुरक्षित निर्माण की वजह से उनके बेटे की मौत हुई। उनकी शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Noida News: स्टूडेंट की मौत मामले में गर्लफ्रेंड गिरफ्तार,जानिए पूरा मामला 

पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे

नोएडा और ग्रेटर नोएडा में लापरवाही से हुए निर्माण कार्य के कारण पहले भी कई दर्दनाक हादसे हो चुके हैं। 28 जून 2024 को ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर में निर्माणाधीन मकान की दीवार गिरने से आठ बच्चे मलबे में दब गए थे। जिसमें तीन बच्चों की मौत हो गई थी और पांच घायल हुए थे। वहीं 17 दिसंबर 2018 को नोएडा के सलारपुर स्थित एक स्कूल की दीवार गिरने से दो छात्रों की जान चली गई थी। इन घटनाओं के बावजूद निर्माण कार्यों में सुरक्षा मानकों को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं।

Location :  Noida

Published :  28 June 2026, 8:30 AM IST