
UP STF ने मार गिराया शातिर डकैत आसिफ छैमार (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Ambedkarnagar: उत्तर प्रदेश एसटीएफ (नोएडा यूनिट) ने मंगलवार सुबह एक बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे एक लाख रुपये के इनामी बदमाश आसिफ उर्फ विक्की को मुठभेड़ में घायल कर दिया। गोली लगने के बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मारा गया बदमाश कई सनसनीखेज डकैती और हत्या के मामलों में वांछित था। उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान में 21 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज थे।
पुलिस ने बताया कि 7 जुलाई 2026 की सुबह यूपी एसटीएफ की नोएडा यूनिट की टीम की अंबेडकरनगर जिले के बिवाना थाना क्षेत्र में बदमाशों से मुठभेड़ हुई। इस दौरान आसिफ उर्फ विक्की गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उसकी पहचान कानपुर नगर के बिल्हौर थाना क्षेत्र के मकनपुर निवासी आसिफ उर्फ विक्की उर्फ छैमार पुत्र बाबू उर्फ मजहर के रूप में हुई है। मौके से 32 बोर की पिस्टल, 12 बोर की पौनिया, भारी मात्रा में कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई।
यूपी STF की बड़ी कार्रवाई, मुंबई में पुलिस हमले का आरोपी प्रयागराज से गिरफ्तार
एसटीएफ ने बताया कि आसिफ अपने गैंग के साथ घरों में घुसकर परिवार के लोगों को बंधक बनाता था और डकैती करता था। विरोध करने पर वह हत्या करने से भी नहीं हिचकता था। वर्ष 2014 में जौनपुर के शाहगंज थाना क्षेत्र में हुई चर्चित डकैती और डबल मर्डर मामले में वह लंबे समय से फरार था। इस वारदात में परिवार के पांच लोगों पर धारदार हथियार से हमला किया गया था, जिसमें दो महिलाओं की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इस मामले में उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।
यूपी STF ने किया बड़ा कारनामा, इनामी अपराधी रफीक गिरफ्तार
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आसिफ वर्ष 2013 में सुल्तानपुर में डकैती के दौरान हत्या, वर्ष 2015 में कौशांबी में दंपति की हत्या के साथ डकैती, मुजफ्फरनगर में एक ही रात कई घरों में डकैती और लोगों पर जानलेवा हमले और वर्ष 2021 में कानपुर देहात में हत्या के मामले में भी वांछित था। एसटीएफ का कहना है कि आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी तलाश लगातार की जा रही थी। पुलिस अब उसके गैंग के अन्य सदस्यों और नेटवर्क की भी तलाश में जुटी है।
Location : Ambedkarnagar
Published : 7 July 2026, 10:19 AM IST
Topics : crime news Police Encounter UP News UP Police UP STF