बेचारे की क्या मजबूरी होगी? जिस बेटे ने पहले पिता को कुल्हाड़ी से काटा, फिर खुद नोएडा मेट्रो के नीचे आकर चुना मौत का रास्ता

नोएडा के सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन सुसाइड केस में बड़ा खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया कि ट्रेन के आगे कूदकर जान देने वाले 16 वर्षीय अमृत ने पहले अपने पिता राजू शर्मा की कुल्हाड़ी से हत्या की थी।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 14 August 2026, 10:16 AM IST

Noida: नोएडा के सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन पर ट्रेन के आगे कूदकर जान देने वाले 16 वर्षीय किशोर अमृत की कहानी ने पुलिस को भी हैरान कर दिया है। जांच में सामने आया है कि आत्महत्या से पहले अमृत ने अपने पिता राजू शर्मा की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी थी। पुलिस की पड़ताल में पता चला है कि मां के अलग रहने के बाद पिता के व्यवहार और पाबंदियों से अमृत मानसिक तनाव में रहने लगा था। इसी तनाव और अवसाद के चलते उसने पहले पिता की हत्या की और फिर खुद की जिंदगी खत्म करने का कदम उठा लिया।

पिता के साथ अकेले रह रहा था अमृत, नहीं मिल रही थी आजादी

पुलिस जांच के मुताबिक नोएडा के गढ़ी चौखंडी गांव में किराए के कमरे में रहने वाले राजू शर्मा पिछले करीब तीन महीने से अपने बेटे अमृत के साथ रह रहे थे। राजू का स्वभाव काफी सख्त बताया जा रहा है। वह बेटे को ज्यादा बाहर जाने नहीं देते थे और पढ़ाई को लेकर भी काफी दबाव बनाते थे। परिजनों के अनुसार राजू और उनकी पत्नी रूबी लंबे समय से अलग रह रहे थे। मां के प्यार से दूर और पिता की सख्ती के बीच अमृत धीरे-धीरे तनाव में चला गया था। पुलिस को आशंका है कि इसी मानसिक स्थिति में उसने वारदात को अंजाम दिया।

हत्या के बाद बदले कपड़े, बैग लेकर पहुंचा मेट्रो स्टेशन

घटना के बाद अमृत ने खून से सनी टी-शर्ट और बरमूडा उतार दिए और साफ कपड़े पहन लिए। इसके बाद उसने अपना बैग तैयार किया, कमरे में ताला लगाया और पिता का मोबाइल लेकर सुबह करीब छह बजे वहां से निकल गया। इसके बाद वह सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन पहुंचा और ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या करने की कोशिश की। घटना के बाद पुलिस को उसके बैग से राजू का मोबाइल मिला, जिसके जरिए पुलिस ने अमृत की मां रूबी और चाचा अरुण से संपर्क किया।

चाचा तलाशते रहे राजू को, कमरे में मिला शव

अमृत की मौत के बाद उसके चाचा अरुण राजू की तलाश में जुट गए। उन्होंने पहले सेक्टर-73 और फिर सेक्टर-121 में राजू को खोजा, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। मोबाइल बंद होने और बार-बार कमरा बदलने की वजह से तलाश में परेशानी हुई। बाद में पुलिस की मदद से गढ़ी चौखंडी स्थित किराए के कमरे का पता चला। गुरुवार देर रात तिकोना पार्क के पास अजनारा समिति गली नंबर-2 में स्थित कमरे से बदबू आने की सूचना मिली। पुलिस और अरुण मौके पर पहुंचे और अमृत के बैग से मिली चाबी से दरवाजा खोला।

कमरे में खून से लथपथ मिला शव, पुलिस ने शुरू की जांच

कमरा खुलते ही अरुण के होश उड़ गए। अंदर राजू शर्मा का शव खून से लथपथ पड़ा था। पास में खून से सनी कुल्हाड़ी और अमृत के कपड़े मिले। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में फेज-3 थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। डीसीपी शैलेंद्र सिंह के मुताबिक परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस तलाक और पारिवारिक विवाद से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है।

झारखंड से नोएडा तक का सफर, ट्यूशन पढ़ाकर चलाते थे परिवार

राजू शर्मा मूल रूप से झारखंड के बोकारो स्टील सिटी के रहने वाले थे। उनके पिता सेल में काम करते थे। राजू साल 2005 से नोएडा में रह रहे थे। उन्होंने एमकॉम की पढ़ाई की थी और बच्चों को ट्यूशन देने के साथ ऑनलाइन क्लास भी चलाते थे। पुलिस को राजू के बैग से एक अतिरिक्त मोबाइल भी मिला है। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि इस पूरे मामले में कोई और वजह या पारिवारिक विवाद की कड़ी तो नहीं जुड़ी है।

Location :  Noida

Published :  14 August 2026, 10:15 AM IST