UP Assembly Election: सपा-कांग्रेस में सीट शेयरिंग पर पहले दौर की बातचीत पूरी, रामगोपाल यादव का बड़ा बयान

सपा और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग को लेकर दिल्ली में पहली बैठक खत्म हो गई है। रामगोपाल यादव ने बताया कि बातचीत सौहार्दपूर्ण रही। मंगलवार को दूसरी बैठक होगी और अगले 2-3 दिनों में सीट बंटवारे पर फैसला होने की उम्मीद है।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 23 November 2026, 12:47 PM IST

New Delhi: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे पर बातचीत शुरू हो गई है। दिल्ली में कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी के आवास पर सोमवार को दोनों दलों के नेताओं के बीच पहले दौर की बैठक हुई, जो अब समाप्त हो गई है। बैठक के बाद सपा के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव और सांसद रामगोपाल यादव ने बताया कि बातचीत बेहद सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे की बात सुनी है। उन्होंने कहा कि अगले दो से तीन दिनों में गठबंधन और सीट बंटवारे की प्रक्रिया पूरी करने की कोशिश की जाएगी। इस सिलसिले में दूसरी बैठक मंगलवार को होगी।

सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई पहली बैठक: रामगोपाल यादव

दिल्ली में कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी के आवास पर हुई बैठक में सपा और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया। बैठक खत्म होने के बाद रामगोपाल यादव ने कहा, "बहुत ही सौहार्दपूर्ण वातावरण में बैठक हुई। एक दूसरे की बात को सुना और हम जल्द ही इस गठबंधन को आखिरी तक पूरा करके आपको जल्द बताएंगे। 2-3 दिन में हम पूरा कर लेंगे। दूसरी बैठक कल होगी।"

उनके इस बयान के बाद माना जा रहा है कि दोनों दल सीटों के बंटवारे को लेकर जल्द किसी सहमति पर पहुंचने की कोशिश में हैं।

सपा की चार सदस्यीय कमेटी ने संभाली बातचीत की कमान

समाजवादी पार्टी की ओर से सीट शेयरिंग पर बातचीत के लिए चार सदस्यीय समिति बनाई गई है। इस समिति की अगुआई पार्टी के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव कर रहे हैं।

समिति में शामिल नेता:

  • रामगोपाल यादव

  • श्यामलाल पाल

  • राजीव राय

  • इकरा हसन

इन नेताओं ने कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल के साथ सीटों के बंटवारे और चुनावी रणनीति पर चर्चा की।

कांग्रेस ने बनाई छह सदस्यीय समिति

कांग्रेस ने भी सपा के साथ सीट शेयरिंग को लेकर छह सदस्यीय समिति गठित की है। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है।

कांग्रेस की समिति में शामिल हैं:

  • केसी वेणुगोपाल

  • प्रियंका वाड्रा

  • राजेंद्र पाल गौतम

  • आराधना मिश्रा 'मोना'

  • इमरान मसूद

  • वीरेंद्र चौधरी

यह समिति उत्तर प्रदेश में गठबंधन की रणनीति और सीटों के बंटवारे को लेकर सपा नेताओं के साथ बातचीत करेगी।

कल फिर होगी बैठक, दो-तीन दिन में फाइनल हो सकता है फॉर्मूला

पहले दौर की बातचीत पूरी होने के बाद अब दोनों दलों की नजर मंगलवार को होने वाली दूसरी बैठक पर है। रामगोपाल यादव के मुताबिक, अगले दो से तीन दिनों में सीट शेयरिंग की प्रक्रिया पूरी करने का प्रयास किया जाएगा।

उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों को ध्यान में रखते हुए दोनों पार्टियां ऐसा चुनावी फॉर्मूला तैयार करना चाहती हैं, जिससे गठबंधन को मजबूत बनाया जा सके। अब देखना होगा कि दोनों दल सीटों की संख्या और क्षेत्रवार उम्मीदवारों को लेकर कितनी जल्दी सहमति बना पाते हैं।

Location :  New Delhi

Published :  23 November 2026, 12:47 PM IST