रामनगर की कोसी नदी में सोमवार को अवैध खनन पर वन विभाग ने बड़ी छापेमारी की। इस दौरान वन विभाग ने विशेष गोपनीय छापामार अभियान चलाया जिसमें अवैध खनन माफियाओं को संभलने का मौका तक नहीं मिल सका। इस कार्रवाई से अवैध खनन करने वालों में हड़कंप मच गया है।

अवैध खनन पर वन विभाग का एक्शन
Nainital: रामनगर के कोसी नदी क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए एक विशेष गोपनीय छापामार अभियान चलाया। यह अभियान सोमवार को डीएफओ रामनगर प्रकाश चंद्र आर्य (प्रभागीय तराई पश्चिमी वन प्रभाग, रामनगर) एवं एसडीओ किरण शाह, उप प्रभागीय वनाधिकारी के नेतृत्व में संचालित किया गया।
वन विभाग की टीम ने पूरी गोपनीयता बरतते हुए अवैध खनन और खनिज परिवहन में संलिप्त वाहनों पर अचानक कार्रवाई की। विशेष बात यह रही कि प्रभागीय वनाधिकारी और उप प्रभागीय वनाधिकारी स्वयं निजी वाहनों से कोसी नदी क्षेत्र में पहुंचे और मौके पर पहुंचकर सघन जांच अभियान चलाया गया, जिससे अवैध खनन माफिया को संभलने का मौका तक नहीं मिल सका।
अभियान के दौरान बिना वैध प्रपत्रों के अवैध रूप से खनन एवं खनिज परिवहन करते हुए कुल 08 डंपर पकड़े गए। इनमें 06 डंपर (6 टायरा) तथा 02 डंपर (10 टायरा) शामिल हैं। इसके अलावा अवैध खनन में प्रयुक्त पाए जाने पर 01 ट्रैक्टर-ट्रॉली और 01 मोडिफाइड ट्रैक्टर (केकड़ा) को भी मौके से जब्त कर लिया गया।
Naravane Memoir Row: जनरल नरवणे की अप्रकाशित किताब पर प्रकाशक पेंगुइन ने दी ये सफाई
जप्त किए गए सभी वाहनों को रेंज स्टाफ एवं एसओजी टीम की निगरानी में संबंधित वन चौकियों में सुरक्षित खड़ा कर दिया गया है। इस पूरे प्रकरण में वन अधिनियम एवं अन्य प्रासंगिक कानूनों के अंतर्गत कठोर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, दोषियों पर भारी जुर्माना और अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वन विभाग ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि कोसी नदी क्षेत्र एवं आरक्षित वन भूमि में किसी भी प्रकार का अवैध खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नदी के प्राकृतिक स्वरूप, जैव विविधता और पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ विभाग पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई करेगा।
Nainital: हल्द्वानी में नशे के सौदागरों पर शिकंजा, ऐसे करते थे चरस की तस्करी
अधिकारियों ने यह भी बताया कि इस तरह के गोपनीय और विशेष अभियानों को आगे भी नियमित रूप से जारी रखा जाएगा, ताकि अवैध खनन में संलिप्त व्यक्तियों पर लगातार दबाव बना रहे। वन विभाग की इस कार्रवाई से अवैध खनन करने वालों में हड़कंप मच गया है और क्षेत्र में कानून का सख्त संदेश गया है।