हिंदी
वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट में औचक निरीक्षण (इमेज सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Muzaffarnagar: जनपद में गंदगी और कूड़ा निस्तारण की शिकायतों को लेकर सपा विधायक पंकज मलिक मंगलवार को सूजडू स्थित वेस्ट एंड वाटर ट्रीटमेंट प्लांट पहुंचे। औचक निरीक्षण के दौरान उन्हें न तो कोई जिम्मेदार अधिकारी मिला और न ही कर्मचारी।
प्लांट परिसर में वर्षों पुराने कूड़े के ढेर देखकर विधायक ने नाराजगी जताई और मौके पर मौजूद सुपरवाइजर को जमकर फटकार लगाई। विधायक ने साफ कहा कि यदि व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं हुआ तो इस मुद्दे को विधानसभा में प्रमुखता से उठाया जाएगा।
दरअसल, स्थानीय कार्यकर्ताओं और क्षेत्रीय लोगों द्वारा लगातार मिल रही शिकायतों के बाद विधायक पंकज मलिक सूजडू स्थित वेस्ट एंड वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण करने पहुंचे। निरीक्षण के दौरान कार्यालय में कोई अधिकारी या कर्मचारी मौजूद नहीं मिला। वहीं प्लांट परिसर में जगह-जगह बड़े-बड़े कूड़े के ढेर पड़े मिले, जिन्हें देखकर विधायक ने गहरी नाराजगी जताई।
विधायक ने कहा कि करीब 10-10 वर्षों से कूड़े के ढेर पड़े हैं, लेकिन आज तक उनका समुचित निस्तारण नहीं किया गया। उन्होंने मौके पर मौजूद सुपरवाइजर से जवाब-तलब करते हुए व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो इस गंभीर मामले को विधानसभा में उठाकर जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय कराई जाएगी।
विधायक पंकज मलिक ने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों पर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शहर की सफाई व्यवस्था और कूड़ा निस्तारण को लेकर प्रशासन को गंभीरता से काम करना होगा, ताकि लोगों को बेहतर और स्वच्छ वातावरण मिल सके।
Location : Muzaffarnagar
Published : 1 July 2026, 4:12 AM IST