
वायरल वीडियो में युवक की निर्मम पिटाई (इमेज सोर्स-इंटरनेट)
Muzaffarnagar: जनपद के तितावी थाना क्षेत्र में स्थित एक ईंट भट्ठे पर युवक के साथ बेरहमी से मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है।
वायरल वीडियो में चार से पांच युवक एक व्यक्ति को घेरकर लाठी, डंडों, बेल्ट और लात-घूंसों से बेरहमी से पीटते हुए दिखाई दे रहे हैं। मारपीट के दौरान पीड़ित के कपड़े तक फट गए और वह खुद को बचाने की लगातार कोशिश करता रहा।
वीडियो में हमलावर गाली-गलौज करते हुए लगातार हमला करते नजर आ रहे हैं। बीच-बचाव के लिए एक युवक आगे भी आया, लेकिन आरोपियों ने उसकी बात नहीं सुनी और मारपीट जारी रखी। कुछ ही देर में पीड़ित गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच की। जांच में पता चला कि यह घटना 10 मई 2026 की है और तितावी थाना क्षेत्र के एक ईंट भट्ठे पर हुई थी। पीड़ित की पहचान शान मोहम्मद, निवासी दधेड़ू कला, थाना चरथावल के रूप में हुई है। आरोप है कि शहजादा ने अपने 4 से 5 साथियों के साथ मिलकर किसी विवाद के चलते उसके साथ मारपीट की थी।
क्षेत्राधिकारी फुगाना नरेंद्र यादव बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच की जा रही है और घटना में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Muzaffarnagar
Published : 18 July 2026, 5:30 AM IST