मुजफ्फरनगर: स्कूल में चौकीदार की हत्या से सनसनी, जानिये पूरा अपडेट

Muzaffarnagar के एक प्राइवेट स्कूल में चौकीदार की हत्या से सनसनी फैल गई। राजकुमार उर्फ राजू का खून से लथपथ शव परिसर में मिला। पुलिस ने फोरेंसिक जांच शुरू कर शव पोस्टमार्टम को भेजा। परिजनों ने निष्पक्ष जांच की मांग की है, जबकि आरोपी अभी फरार हैं।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 25 April 2026, 10:48 AM IST

Muzaffarnagar: जनपद में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब एक प्राइवेट स्कूल में चौकीदार का खून से लथपथ शव बरामद हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक व डॉग स्क्वायड टीम के साथ घटनास्थल की जांच शुरू की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चौकीदार की हत्या किसी धारदार हथियार से सिर पर वार कर की गई है।

क्या है पूरा मामला?

घटना Charthawal थाना क्षेत्र स्थित किड्स हेवन पब्लिक स्कूल की है, जहां करीब 4 साल से कार्यरत 50 वर्षीय चौकीदार राजकुमार उर्फ राजू की देर रात अज्ञात बदमाशों ने हत्या कर दी। बताया गया कि वह रात में ड्यूटी पर तैनात था तभी उस पर हमला किया गया।

सुबह स्टाफ ने देखा शव

घटना की जानकारी तब हुई जब सुबह स्कूल स्टाफ पहुंचा और परिसर में खून से लथपथ राजकुमार का शव पड़ा देखा। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची टीम ने बारीकी से निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

परिजनों ने उठाए सवाल

मृतक के परिजनों का कहना है कि राजकुमार की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। उन्होंने इस बात पर भी सवाल उठाया कि घटना के समय स्कूल के सीसीटीवी कैमरे बंद थे और बाद में फिर चालू मिले। उन्होंने निष्पक्ष जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

भाई ने क्या कहा

मृतक के भाई ने बताया कि राजू पिछले 4 साल से यहां नौकरी कर रहा था और रोजाना शाम को ड्यूटी पर आता था। सुबह 8 बजे घर लौटता था। घटना की जानकारी उन्हें सुबह फोन पर मिली। उन्होंने कहा कि परिवार की किसी से कोई रंजिश नहीं है और मामले की ईमानदारी से जांच होनी चाहिए।

पुलिस का बयान

सीओ सदर Ravishankar Mishra के अनुसार, सुबह वॉक पर निकले एक सिपाही को घटना की जानकारी हुई। इसके बाद पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि राजकुमार की उम्र लगभग 50 वर्ष थी और वह लंबे समय से स्कूल में कार्यरत थे। पुलिस ने एसओजी और स्थानीय टीमों का गठन कर जांच शुरू कर दी है। डॉग स्क्वॉड की मदद से आरोपियों की तलाश की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई जारी है।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  25 April 2026, 10:45 AM IST