
मुजफ्फरनगर में अवैध दवा कारोबार का खुलासा
Muzaffarnagar: जनपद में बिना लाइसेंस आयुर्वेदिक कामोत्तेजक दवाइयों के कथित निर्माण और बिक्री के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। थाना सिविल लाइन पुलिस ने इमरान कॉलोनी में छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मौके से बड़ी मात्रा में आयुर्वेदिक दवाइयां और पैकिंग सामग्री बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी बिना लाइसेंस दवाइयां तैयार कर उन पर कथित रूप से फर्जी लेबल लगाकर बिक्री करते थे। इसके साथ ही ऑनलाइन माध्यमों से प्रचार-प्रसार कर ग्राहकों से संपर्क किए जाने की बात भी सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक, थाना सिविल लाइन क्षेत्र की इमरान कॉलोनी में मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कथित अवैध कारोबार से जुड़ी सामग्री बरामद की और दो लोगों को हिरासत में लिया।
मामले की जांच करती पुलिस
पुलिस ने बताया कि मौके से बड़ी मात्रा में आयुर्वेदिक दवाइयां और पैकिंग सामग्री बरामद की गई है। बरामद सामान में 50 माजून की डिब्बियां, RMD Herbal कंपनी के 12 बंडल रैपर टेप, 270 शीशियां, 121 सफेद गोलियों की डिब्बियां, 242 गोल्डन गोलियों की डिब्बियां और 224 मिट्टी रंग की डिब्बियां शामिल हैं।
इसके अलावा पुलिस ने 1525 सिलिकॉन कंडोम, 1820 ड्रैगन कंडोम और 473 डिल्डो बेल्ट समेत अन्य सामग्री बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, मौके से लैपटॉप और कंप्यूटर सिस्टम भी मिले हैं, जिनका इस्तेमाल ऑनलाइन प्रचार-प्रसार और व्हाट्सऐप के जरिए ऑर्डर लेने के लिए किया जाता था।
छापेमारी के दौरान बरामद सामान
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मौहम्मद फुरकान और शाहिद के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर बिना लाइसेंस दवाइयां तैयार करने और उन पर फर्जी लेबल लगाने की बात स्वीकार की है।
पुलिस अब इस मामले में आरोपियों से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका और सप्लाई चैन की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही उनके फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाले जा रहे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह कारोबार कितने समय से चल रहा था और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि अवैध रूप से दवाइयों के निर्माण और बिक्री के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। मामले में बरामद सामग्री की जांच संबंधित विभागों के माध्यम से कराई जा रही है।
Location : Muzaffarnagar
Published : 26 September 2026, 1:56 AM IST
Topics : accused arrested illegal ayurvedic medicine medicine racket Muzaffarnagar Muzaffarnagar Police