
मुठभेड़ के बाद गांजा तस्कर गिरफ्तार
Muzaffarnagar: जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने एक्शन लिया है । डीआईजी सहारनपुर के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन सवेरा के तहत नई मंडी पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के बाद एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है।
दरअसल, 11 नवंबर को नई मंडी पुलिस की टीम कूकड़ा रोड पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान भोपा की तरफ से यामाहा R-15 बाइक पर सवार एक संदिग्ध युवक आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपी रुकने के बजाय बाइक मोड़कर भागने लगा।
आरोप है कि पीछा किए जाने पर आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। इसके बाद कुछ दूरी पर बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई और आरोपी झाड़ियों में छिप गया। पुलिस की चेतावनी के बावजूद उसने दोबारा फायरिंग की।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से आरोपी घायल हो गया। पुलिस ने घायल आरोपी को गिरफ्तार कर उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
मुठभेड़ के बाद तस्कर से बरामद बाइक
उसकी पहचान अमित विहार, कूकड़ा निवासी आशीष पुत्र रामवीर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के कब्जे से 21.5 किलोग्राम गांजा, एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और यामाहा R-15 मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर गांजा किसी अन्य व्यक्ति से खरीदकर स्थानीय स्तर पर बेचने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब इसके बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही है, ताकि नशे के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके।
तस्कर से बरामद पिस्टल
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ नई मंडी थाने में चोरी, मारपीट, छेड़छाड़ और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में पांच मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल पुलिस बरामद गांजे की कीमत और तस्करी के नेटवर्क की विस्तृत जानकारी जुटा रही है। मौके पर फील्ड यूनिट ने भी जांच की है।
मुजफ्फरनगर में पुलिस मुठभेड़, दो गौकश बदमाशों को लगी गोली, तीन गिरफ्तार
फिलहाल नई मंडी पुलिस की ओर से गांजा तस्कर की गिरफ्तारी के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Location : Muzaffarnagar
Published : 12 November 2026, 12:39 AM IST