हिंदी
स्कूली वैन में लगी भीषण आग (इमेज सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Muzaffarnagar: जनपद से एक बड़े आग हादसे की खबर सामने आई है। शुक्रवार सुबह थाना पुरकाजी क्षेत्र में एक स्कूली वैन में अचानक आग लग गई। जिससे पांच बच्चे और वाहन चालक घायल हो गए। आग लगने के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।
घटना थाना पुरकाजी क्षेत्र के ग्राम समसो की है।
आग लगने के बाद मौके पर जुटी लोगों की भीड़
जानकारी के अनुसार एक स्कूल वैन बच्चों को लेकर जा रही थी। इस दौरान वैन में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वैन सड़क पर जा रही थी। इस दौरान अचानक उसमें धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग लग गई। वाहन में सवार बच्चे घबराकर चिल्लाने लगे। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बच्चों को वैन से बाहर निकाला और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना पुरकाजी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया। इस हादसे में 5 बच्चे और वाहन चालक घायल हो गए। सभी घायलों को पुलिस और परिजनों की सहायता से तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी स्थिति सामान्य बताई है।
पुलिस ने जली हुई वैन को अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। परिवहन विभाग और अग्निशमन विभाग के साथ समन्वय बनाकर आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है।
घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और स्कूल वाहनों की नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
Location : Muzaffarnagar
Published : 10 April 2026, 1:42 PM IST