हिंदी
मुजफ्फरनगर में प्राइवेट स्कूलों के खिलाफ नारेबाजी (सोर्स: डाइनामाइट न्यूज़)
Muzaffarnagar: मुजफ्फरनगर में प्राइवेट स्कूलों की कथित मनमानी अब सड़कों पर खुलकर सामने आ गई है। अभिभावकों से भारी-भरकम फीस और महंगी किताबों-ड्रेस के नाम पर हो रहे आर्थिक शोषण के खिलाफ शिवसेना ने जोरदार प्रदर्शन कर माहौल गरमा दिया। चेतावनी साफ है अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो स्कूलों पर ताले लगेंगे और आंदोलन और उग्र होगा।
शिवसेना ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश इकाई के बैनर तले जिला अधिकारी के माध्यम से प्रदेश के शिक्षा मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे। इस अभियान का नेतृत्व पश्चिम प्रदेश प्रमुख ललित मोहन शर्मा के आह्वान पर किया गया।
प्रदर्शन के दौरान शिवसेना कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि निजी स्कूल अभिभावकों से मनमाने तरीके से फीस वसूल रहे हैं। उनका कहना है कि किताबों पर पहले जहां 1000-1500 रुपये तक कमीशन लिया जाता था, अब यह बढ़कर 5000 रुपये तक पहुंच गया है। वहीं, 200 रुपये की ड्रेस को 1500 से 2000 रुपये तक बेचा जा रहा है, जिससे अभिभावकों पर आर्थिक बोझ लगातार बढ़ रहा है।
ज्ञापन में कहा गया कि सरकारी स्कूलों में शिक्षा का स्तर उम्मीद के मुताबिक नहीं होने के कारण अभिभावक मजबूरी में निजी स्कूलों का रुख करते हैं। इसी मजबूरी का फायदा उठाकर स्कूल प्रबंधन भारी फीस और अन्य शुल्क वसूल रहा है। आरोप यह भी है कि पब्लिकेशन कंपनियों से मोटा कमीशन मिलने के बावजूद अभिभावकों से अतिरिक्त पैसे लिए जा रहे हैं।
शिवसेना ने मांग की है कि हर साल ली जाने वाली एडमिशन फीस पर रोक लगे, अभिभावकों को किसी एक दुकान से किताबें और ड्रेस खरीदने के लिए मजबूर न किया जाए और नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। यहां तक कि ऐसे स्कूलों की मान्यता रद्द करने की भी मांग उठाई गई है।
जिला अध्यक्ष बिट्टू ने साफ कहा कि अगर प्रशासन ने जल्द कोई कदम नहीं उठाया तो संगठन बड़ा आंदोलन करेगा और स्कूलों की तालाबंदी तक की जाएगी। उन्होंने बताया कि लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर यह प्रदर्शन किया गया है। इस प्रदर्शन में प्रमोद अग्रवाल और जतिन बशिष्ठ समेत सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। मुजफ्फरनगर में उठाया गया यह मुद्दा अब चर्चा का केंद्र बन गया है और अभिभावकों को उम्मीद है कि प्रशासन जल्द इस पर सख्त कार्रवाई करेगा।
Location : Muzaffarnagar
Published : 9 April 2026, 5:54 PM IST