मुजफ्फरनगर में BSP ने 2027 चुनाव के लिए भरी हुंकार, इस दिन होगा बड़ा शक्ति प्रदर्शन

मुजफ्फरनगर में BSP की मंडल स्तरीय समीक्षा बैठक में 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती को भव्य बनाने और 2027 विधानसभा चुनाव के लिए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति पर मंथन हुआ।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 8 April 2026, 1:33 AM IST
google-preferred

उत्तर प्रदेश की सियासत में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर हलचल अब धीरे-धीरे तेज होती दिखाई दे रही है। इसी कड़ी में बहुजन समाज पार्टी ने भी अपनी राजनीतिक और संगठनात्मक तैयारी को धार देना शुरू कर दिया है। मुजफ्फरनगर के महावीर चौक स्थित BSP कार्यालय पर मंगलवार को आयोजित मंडल स्तरीय समीक्षा बैठक ने साफ संकेत दे दिया कि पार्टी जमीनी स्तर पर अपनी पकड़ को फिर से मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है।

वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में बना संगठन का प्लान

बैठक में पार्टी के केंद्रीय मुख्य सेक्टर प्रभारी रणधीर सिंह बेनीवाल और राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्य मंडल प्रभारी बाबू मुनकाद अली मुख्य रूप से मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने संगठन की मौजूदा स्थिति, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को साफ संदेश दिया गया कि अब हर स्तर पर सक्रियता बढ़ानी होगी और पार्टी की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाना होगा।

14 अप्रैल को लखनऊ में शक्ति प्रदर्शन की तैयारी

मुख्य मंडल प्रभारी बाबू मुनकाद अली ने कहा कि 14 अप्रैल को लखनऊ में होने वाला अंबेडकर जयंती कार्यक्रम सिर्फ एक आयोजन नहीं, बल्कि बहुजन समाज की ताकत दिखाने का बड़ा मंच होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंचकर इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक और भव्य बनाया जाए। उन्होंने यह भी साफ किया कि BSP अब 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर पूरी तरह एक्टिव मोड में आ चुकी है और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

मुजफ्फरनगर के प्राइवेट स्कूलों में किताबों का महंगा खेल, अभिभावकों का गुस्सा फूटा, जानिए क्या बोले

जिम्मेदारियां बांटी गईं

जिला अध्यक्ष आनंद प्रकाश ने बैठक के दौरान अंबेडकर जयंती कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अलग-अलग पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपीं। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा के साथ संगठन विस्तार में जुटे हैं और आने वाले समय में BSP को फिर मजबूत राजनीतिक विकल्प के तौर पर स्थापित करने की दिशा में काम किया जाएगा।

सहारनपुर मंडल से जुटे पदाधिकारी

बैठक में सहारनपुर मंडल के विभिन्न जिलों से जिला अध्यक्ष, मंडल जोन प्रभारी, विधानसभा प्रभारी, मुख्य मंडल प्रभारी नरेश कुमार गौतम समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  8 April 2026, 1:33 AM IST

Advertisement