मुजफ्फरनगर में कट्टे में बंद मिला शव: रजवाहे से मिली लाश ने मचाई सनसनी, पुलिस कई एंगल पर जांच में जुटी

मुजफ्फरनगर के तितावी थाना क्षेत्र में सूखे रजवाहे से कट्टे में बंद एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में दहशत फैल गई। बदबू उठने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने जांच कर शव पोस्टमार्टम को भेजा। प्रथम दृष्टया हत्या का मामला लग रहा है।

Post Published By: ईशा त्यागी
Updated : 25 November 2025, 3:34 PM IST

Muzaffarnagar: मुजफ्फरनगर जनपद में सोमवार रात उस समय हड़कंप मच गया जब तितावी थाना क्षेत्र के मांडी गांव के पास स्थित सूखे रजवाहे में एक कट्टा (बोरा) मिला, जिसमें एक व्यक्ति की सड़ी-गली लाश बरामद हुई। कट्टे से उठ रही तेज दुर्गंध के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में आलाधिकारी, पुलिस फोर्स और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई और पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी।

डाइनामाइट न्यूज़ संवददाता के अनुसार, सूचना के बाद रजवाहे में पड़े कट्टे को खोला गया तो उसके अंदर कई दिनों पुरानी अधजली व बदहाल स्थिति में एक पुरुष का शव मिलने से अफरा-तफरी मच गई। शव को देखकर स्पष्ट था कि मौत प्राकृतिक नहीं, बल्कि अत्यधिक क्रूरता के साथ हत्या की गई है और उसके बाद शरीर को ठिकाने लगाने के लिए कट्टे में डालकर रजवाहे में फेंका गया है।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए अहम सबूत

शव मिलने के बाद एफएसएल की टीम ने मौके से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य इकट्ठा किए। रजवाहे की मिट्टी, कट्टे के रेशे, खून के अवशेष और आसपास मिले फुटप्रिंट जैसे संकेतों का वैज्ञानिक परीक्षण के लिए नमूने एकत्र किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि घटना तीन से पांच दिन पुरानी प्रतीत होती है।

गोरखपुर: ग़ोला क्षेत्र में दो पक्षों के पंचायत के बाद खूनी संघर्ष से मचा हड़कंप, एक गंभीर घायल

मृतक की पहचान बन रही चुनौती

सबसे बड़ी दिक्कत मृतक की पहचान करना है। शव काफी खराब हालत में था, जिससे चेहरा पहचानना मुश्किल है। पुलिस आसपास के गांवों और थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है। इसके अलावा शव के कपड़ों, शरीर पर मौजूद निशानों और अन्य संभावित पहचान चिह्नों के आधार पर मृतक की शिनाख्त करने का प्रयास जारी है।

हत्या की आशंका पुख्ता

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का लगता है। न तो आसपास संघर्ष के निशान मिले और न ही किसी जानवर के हमले के संकेत। इससे स्पष्ट है कि मृतक की कहीं और हत्या की गई और बाद में शव को कट्टे में भरकर रजवाहे में फेंका गया।

एसपी ग्रामीण ने दी जानकारी

घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद एसपी ग्रामीण आदित्य बंसल ने कहा कि “मांडी गांव के पास सूखे रजवाहे में पड़े कट्टे से एक पुरुष की लाश बरामद हुई है। एफएसएल टीम द्वारा आवश्यक साक्ष्य एकत्र कर लिए गए हैं। शव को सील कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। शिनाख्त और घटना के अनावरण के लिए एसओजी, सर्विलांस तथा तितावी थाना पुलिस की टीम गठित कर दी गई है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।”

मेरठ सौरभ हत्याकांड: किसकी है मुस्कान की बच्ची? पति या साहिल, DNA रिपोर्ट का इंतजार

स्थानीय लोग दहशत में

गांव में कट्टे में बंद शव मिलने की घटना ने भय का माहौल पैदा कर दिया है। लोग तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं और आशंका जताई जा रही है कि शव किसी बड़े आपराधिक गिरोह द्वारा फेंका गया हो सकता है। फिलहाल पुलिस जांच जारी है और शहर की निगाहें इस रहस्यमयी हत्या के खुलासे पर टिकी हैं।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  25 November 2025, 3:31 PM IST