यूपी में फिर एक्टिव होगा मानसून! 13 अगस्त से शुरू होगा बारिश का दौर, जानिए किन जिलों में खतरा

उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक 13 अगस्त से पूर्वांचल में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं और बाद में इसका असर मध्य व पश्चिमी यूपी तक पहुंच सकता है। सोनभद्र, मिर्जापुर, वाराणसी, गोरखपुर, महाराजगंज, बस्ती, अयोध्या समेत कई जिलों में भारी बारिश के आसार हैं।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 11 August 2026, 7:54 PM IST

Lucknow: उत्तर प्रदेश में कुछ दिनों की राहत के बाद मानसून एक बार फिर जोर पकड़ने की तैयारी में है। प्रदेश के कई हिस्सों में जहां अभी बारिश में कमी देखने को मिल रही है, वहीं 13 अगस्त से मौसम का मिजाज बदलने के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वांचल से मानसूनी गतिविधियां तेज हो सकती हैं और धीरे-धीरे बारिश का दायरा मध्य और पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक पहुंच सकता है।

बंगाल की खाड़ी में बन रहा सिस्टम बढ़ाएगा बारिश

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके 12 अगस्त तक निम्न दबाव क्षेत्र में बदलने की संभावना है। इसके बाद यह सिस्टम पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ सकता है। इसी मौसमी सिस्टम के प्रभाव से उत्तर प्रदेश में 13 अगस्त से बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है। शुरुआत में इसका असर पूर्वांचल के जिलों में देखने को मिल सकता है। इसके बाद धीरे-धीरे बारिश का क्षेत्र प्रदेश के मध्य और पश्चिमी हिस्सों तक बढ़ने की संभावना है।

यूपी के 45 जिलों में मानसूनी ब्रेक: लखनऊ में थमा बारिश का दौर, जानिए आपके जिले में आज धूप खिलेगी या गिरेंगी बूंदें

13 अगस्त से पूर्वांचल में बढ़ेगा बारिश का जोर

13 अगस्त से पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश का दौर तेज होने का अनुमान है। खासतौर पर पूर्वांचल के जिलों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 13 अगस्त सुबह 8:30 बजे से 14 अगस्त सुबह 8:30 बजे के बीच सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली और वाराणसी समेत आसपास के जिलों में बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा जौनपुर, गाजीपुर और आजमगढ़ में भी बारिश का असर देखने को मिल सकता है। गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज और सिद्धार्थनगर में भी बारिश की संभावना जताई गई है।

इन जिलों में भारी बारिश के आसार

मौसम विभाग के मुताबिक 13 अगस्त से 14 अगस्त के बीच कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है। इनमें सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती और बहराइच शामिल हैं। इसके अलावा सुल्तानपुर, अयोध्या और अंबेडकरनगर समेत आसपास के इलाकों में भी बारिश होने के आसार हैं।

यूपी में मानसून का तांडव: कई शहरों में मलबे में तब्दील हुए आशियाने, एक ही झटके में उजड़ गए हंसते-खेलते परिवार

मध्य और पश्चिमी यूपी तक पहुंचेगा मानसून

मौसम विभाग के मुताबिक शुरुआत में बारिश का असर पूर्वांचल में अधिक देखने को मिल सकता है। इसके बाद मानसूनी गतिविधियां धीरे-धीरे मध्य और पश्चिमी उत्तर प्रदेश की तरफ बढ़ सकती हैं। इससे प्रदेश के उन इलाकों में भी बारिश का दौर शुरू होने की उम्मीद है, जहां पिछले कुछ दिनों से बारिश अपेक्षाकृत कम रही है।

सामान्य स्थिति से दक्षिण में बनी है मानसूनी द्रोणी

मौसम विभाग के अनुसार मानसूनी द्रोणी फिलहाल अपनी सामान्य स्थिति से कुछ दक्षिण में बनी हुई है। इसके साथ ही बंगाल की खाड़ी में बनने वाला निम्न दबाव क्षेत्र मौसम की गतिविधियों को प्रभावित करेगा। इन दोनों मौसमी परिस्थितियों के कारण उत्तर प्रदेश में बारिश का जोर फिर बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग लगातार इस सिस्टम की निगरानी कर रहा है और आगे इसके रास्ते तथा प्रभाव के आधार पर बारिश का पूर्वानुमान अपडेट किया जाएगा।

Location :  Lucknow

Published :  11 August 2026, 7:54 PM IST