Mirzapur News: धान रोपने गए थे मजदूर, फिर ऐसा क्या हुआ कि पूरा परिवार पहुंच गया थाने?

मीरजापुर के मड़िहान में सोनभद्र से धान रोपाई करने आए दर्जनभर श्रमिकों ने किसान पर बेटी से छेड़खानी और विरोध करने पर मजदूरी रोकने का आरोप लगाया। श्रमिक कार्रवाई की मांग को लेकर थाने पर डटे रहे। पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टया मामला मजदूरी विवाद का है और जांच जारी है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 12 August 2026, 9:41 AM IST
google-preferred

Mirzapur: मीरजापुर के मड़िहान थाना क्षेत्र में सोनभद्र के घोरावल से धान की रोपाई करने आए करीब दर्जनभर श्रमिकों ने एक किसान पर गंभीर आरोप लगाए हैं। श्रमिकों का कहना है कि किसान ने परिवार की बेटी के साथ छेड़खानी की। विरोध करने पर उनकी मजदूरी रोक ली गई और उन्हें वहां से जाने के लिए कहा गया। मामले को लेकर मंगलवार को श्रमिक मड़िहान थाने के गेट पर कार्रवाई की मांग करते हुए डटे रहे।

15 दिन पहले रैंकरा गांव पहुंचे थे श्रमिक

जानकारी के अनुसार सोनभद्र जिले के घोरावल तहसील क्षेत्र से करीब दर्जनभर श्रमिक लगभग 15 दिन पहले धान की रोपाई के लिए मड़िहान थाना क्षेत्र के रैंकरा गांव पहुंचे थे। श्रमिकों का आरोप है कि खेत में काम करने के दौरान उनके परिवार की महिलाओं और बेटियों के साथ अभद्रता की गई।

श्रमिकों के मुताबिक जब उन्होंने इसका विरोध किया और अपनी मेहनत की मजदूरी मांगी तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि किसान ने मजदूरी देने से इनकार कर दिया और उन्हें धमकी देकर वहां से भगा दिया।

कार्रवाई की मांग को लेकर थाने पर डटे श्रमिक

मामले से नाराज श्रमिक मंगलवार को मड़िहान थाने पहुंचे। बताया गया कि श्रमिक पूरे दिन थाना गेट के सामने कार्रवाई की मांग को लेकर बैठे रहे। उनका कहना है कि वे परिवार का पेट पालने के लिए दूसरे जिले से यहां मजदूरी करने आए थे, लेकिन उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया।

श्रमिकों ने पुलिस से मामले की जांच कर उनकी बकाया मजदूरी दिलाने और आरोपों पर कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने कहा- प्रथम दृष्टया मजदूरी विवाद

दूसरी ओर पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला मजदूरी को लेकर हुए विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। महिलाओं से अभद्रता और अन्य आरोपों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Mirzapur News: कांवड़ यात्रा से पहले गंगा घाटों पर पहुंचीं DIG पूनम, अचानक क्यों बढ़ाई गई निगरानी?

 हर साल सोनभद्र से आते हैं श्रमिक

घोरावल और मड़िहान क्षेत्र आपस में सटे हुए हैं। धान की रोपाई और फसल कटाई के मौसम में सोनभद्र से बड़ी संख्या में श्रमिक मीरजापुर आते हैं। आर्थिक मजबूरी के चलते ये परिवार दूसरे क्षेत्रों में मजदूरी करते हैं।

श्रमिकों का कहना है कि कई बार मजदूरी को लेकर विवाद की स्थिति बनती है। मीरजापुर असंगठित कामगार यूनियन के महामंत्री मंगल तिवारी ने कहा कि प्रभावित श्रमिक परिवार संगठन से संपर्क करते हैं तो उन्हें कानूनी परामर्श और उनके अधिकारों के लिए हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।

Deoria News: रात में अचानक बुझ गई 15 हजार घरों की बिजली, ट्रांसफार्मर में क्या हुआ कि मच गया हाहाकार?

 जांच के बाद साफ होगी पूरी तस्वीर

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। छेड़खानी और मजदूरी रोकने के आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस का कहना है कि तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Mirzapur

Published :  12 August 2026, 9:40 AM IST

Advertisement