
प्रतीकात्मक फोटो (IMG: Pinterest)
Mirzapur: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में शराब पीने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी वारदात में बदल गया। देहात कोतवाली क्षेत्र के बरबसपुर अघौली गांव में पाही पर रह रहे 35 वर्षीय युवक अनिल विश्वकर्मा की मारपीट के बाद मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के मुताबिक भरूहना निवासी अनिल विश्वकर्मा पुत्र रमेश चंद्र की बरबसपुर अघौली गांव में पाही थी, जहां वह रह रहे थे। मंगलवार को शराब पीने को लेकर कुछ लोगों से उनका विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद अनिल के साथ मारपीट की गई, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन और स्थानीय लोग उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही गांव और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।
हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में तीन पुलिस टीमों का गठन किया। पुलिस टीमों को आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए। इसके बाद पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी आनंद कुमार विश्वकर्मा उर्फ रामबाबू पुत्र स्वर्गीय गणेश विश्वकर्मा निवासी बड़ा सखौरा फतहां, कोतवाली शहर को उसके घर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना से जुड़े साक्ष्य भी बरामद किए हैं। इसमें रक्तरंजित पैंट शामिल है, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि अनिल विश्वकर्मा के साथ शराब पीने को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान दोनों के बीच कहासुनी हुई और गाली-गलौज के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोपी के मुताबिक गुस्से में हुई मारपीट में अनिल गंभीर रूप से घायल हो गए और इलाज के लिए ले जाते समय उनकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।
Location : Mirzapur
Published : 25 August 2026, 6:54 PM IST