
मिर्जापुर में मासूम की हत्या से बवाल (Image Source: Dynamite News)
Mirzapur: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में फिरौती के लिए 12 साल के मासूम प्रिंस बिंद का अपहरण कर हत्या किए जाने की घटना ने विंध्याचल पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सेमरी गांव में हुई इस वारदात के बाद पुलिस की कार्रवाई और अपहरण के मामले में तत्परता को लेकर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि पुलिस समय रहते बच्चे को नहीं बचा सकी। घटना के करीब 24 घंटे बाद आरोपी के साथ मुठभेड़ में पुलिस ने उसे गोली लगने के बाद गिरफ्तार किया। हालांकि, पुलिस की कार्रवाई के बीच परिवार का इकलौता बेटा हमेशा के लिए चला गया।
विंध्याचल कोतवाली क्षेत्र के सेमरी निवासी केशव बिंद के 12 वर्षीय बेटे प्रिंस को गांव का ही हिस्ट्रीशीटर पिंटू उर्फ शैलेंद्र 9 नवंबर को शाम करीब 4 बजे बाइक चलाने के बहाने अपने साथ ले गया था। आरोप है कि फिरौती के लालच में उसी शाम करीब 6:30 बजे कुशियरा जंगल में गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई।
रेडियो पर गाना गाने से शुरू हुआ था सफर, फिर बनीं हिंदी सिनेमा की सबसे महंगी अभिनेत्रियों में से एक
बच्चे के पिता ने 10 नवंबर को विंध्याचल थाने में अपहरण की तहरीर दी थी। पुलिस ने मु.अ.सं. 313/2026 में मुकदमा दर्ज किया। पीड़ित परिवार और आसपास के लोगों का आरोप है कि पुलिस ने मामले में अपेक्षित तत्परता नहीं दिखाई। उनका कहना है कि आगर समय रहते प्रभावी कार्रवाई होती तो शायद प्रिंस की जान बचाई जा सकती थी। परिवार के लिए बेटे का अपहरण ही नहीं, बल्कि उसकी हत्या की खबर ने पूरी दुनिया उजाड़ दी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी शव को ठिकाने लगाने के लिए जंगल की ओर जा रहा था। इसी दौरान गैपुरा-विजयपुर लालगंज रोड पर पुलिस की चेकिंग देखकर वह जंगल में भाग गया और पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी फायरिंग में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी। पुलिस ने उसके पास से .315 बोर का तमंचा और स्प्लेंडर बाइक बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पहले से हत्या, लूट और गैंगस्टर सहित 17 संगीन मुकदमे दर्ज हैं। इसके बावजूद उसके खुलेआम घूमने को लेकर विंध्याचल पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस अब मुठभेड़ और गिरफ्तारी को अपनी बड़ी कामयाबी के तौर पर पेश कर रही है।
बाबा केदार को भावुक विदाई! छह माह के लिए बंद हुए गर्भगृह के कपाट, अब ओंकारेश्वर में होंगे दर्शन
विंध्याचल थाने के एसओ अजीत कुमार सिंह की कार्यशैली पहले भी सवालों के घेरे में रही है। कटरा कोतवाली में लूट और पड़री थाना क्षेत्र की बड़ी घटनाओं में पुलिस की नाकामी के बाद अब सेमरी में मासूम की हत्या ने एक बार फिर पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।
घटना के बाद गांव में मातम पसरा है। केशव बिंद और उनके परिवार का इकलौता बेटा प्रिंस अब उनके बीच नहीं है। जिस बच्चे के घर लौटने का इंतजार था, उसकी हत्या ने पूरे परिवार को गहरे दुख में डाल दिया है। पुलिस की मुठभेड़ और गिरफ्तारी के बावजूद परिवार के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर उनके मासूम बेटे को समय रहते क्यों नहीं बचाया जा सका।
Location : Mirzapur
Published : 11 November 2026, 12:05 PM IST