
पुलिस हिरासत में आरोपी (Img- Dynamite News)
Mirzapur: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 6 करोड़ रुपये कीमत का गांजा बरामद किया है। पुलिस ने एक ट्रक से 1,204 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद करने के साथ मध्य प्रदेश के दो कथित अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान गणेश केवट उर्फ रमेश केवट और शाबिर उर्फ लालू के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी गांजे की खेप ओडिशा से ट्रक में छिपाकर ला रहे थे। इसे मिर्जापुर, प्रयागराज, वाराणसी और आसपास के जिलों में सप्लाई किया जाना था।
पुलिस के अनुसार, जिले में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में कोतवाली देहात पुलिस की टीम ने कार्रवाई की।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध वाहनों की सघन चेकिंग शुरू की। इसी दौरान एक ट्रक को रोककर उसमें सवार दो लोगों को हिरासत में लिया गया। ट्रक का रजिस्ट्रेशन नंबर MP 09 HH 8908 बताया गया है।
पुलिस टीम ने ट्रक की तलाशी ली तो उसमें छिपाकर रखी गई गांजे की बड़ी खेप बरामद हुई। जांच के दौरान कुल 1,204 किलोग्राम अवैध गांजा मिला। पुलिस ने बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 6 करोड़ रुपये बताई है। इतनी बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ मिलने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे ट्रक को भी जब्त कर लिया गया।
ट्रक में छिपाकर ले जा रहे थे 6 करोड़ का गांजा (Img- Dynamite News)
मिर्जापुर में बैंक से पैसे निकालते ही हुआ खेल, पुलिस ने दो बच्चों को दबोचा
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम गणेश केवट उर्फ रमेश केवट पुत्र रामनाथ केवट और शाबिर उर्फ लालू पुत्र दोष मुहम्मद बताया। गणेश केवट मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले के हनुमना थाना क्षेत्र के अल्हवा गांव का निवासी है। वहीं, शाबिर उर्फ लालू मऊगंज जिले के मऊगंज थाना क्षेत्र के डेरा पथरावा का रहने वाला बताया गया है। पुलिस दोनों के आपराधिक रिकॉर्ड और तस्करी से जुड़े अन्य संपर्कों की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस की पूछताछ में कथित तौर पर खुलासा हुआ कि आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर आ रहे थे। उन्होंने ट्रक में गांजे को छिपाकर रखा था, ताकि चेकिंग के दौरान किसी को इसकी जानकारी न हो। पुलिस के मुताबिक, इस खेप को मिर्जापुर, प्रयागराज, वाराणसी और आसपास के जिलों में सप्लाई किया जाना था। हालांकि, पुलिस की कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपी गांजे समेत पकड़ लिए गए।
पुलिस ने गिरफ्तारी और बरामदगी के संबंध में कोतवाली देहात थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। वहीं, गांजा तस्करी में इस्तेमाल ट्रक को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा गांजे की सप्लाई किन लोगों तक पहुंचाई जानी थी।
Location : Mirzapur
Published : 31 October 2026, 5:14 PM IST
Topics : crime news Ganja Seized mirzapur news UP News UP Police