Mirzapur: नवरात्र में जरा सी लापरवाही पड़ सकती है भारी! मूर्ति विसर्जन को लेकर DM की सख्त हिदायत, गहरे पानी से रहें दूर

मिर्जापुर में नवरात्र, दुर्गा पूजा और दशहरा को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। DM ने विसर्जन में गहरे पानी से बचने की अपील की, जबकि पूजा पंडालों में CCTV, फायर मशीन और सुरक्षित विद्युत व्यवस्था के निर्देश दिए।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 29 September 2026, 3:42 PM IST

Mirzapur: उत्तरप्रदेश के मिर्जापुर जिले में आगामी दुर्गा पूजा, दशहरा और प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने कलेक्ट्रेट में पुलिस अधिकारियों, मजिस्ट्रेटों, दुर्गा पूजा व रामलीला आयोजकों तथा संभ्रांत नागरिकों के साथ बैठक की।

बैठक में थानावार आयोजकों की समस्याएं सुनी गईं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए।

विसर्जन के दौरान गहरे पानी में जाने से बचें

जिलाधिकारी ने कहा कि त्योहार खुशियों के साथ मनाया जाए और प्रतिमा विसर्जन के दौरान विशेष सावधानी बरती जाए। उन्होंने लोगों से गहरे पानी में न जाने की अपील की। उन्होंने आयोजक समितियों को निर्देश दिया कि प्रतिमा विसर्जन केवल निर्धारित स्थलों पर ही किया जाए। साथ ही प्रतिमाओं का निर्माण निर्धारित मानकों से अधिक ऊंचाई का न कराया जाए।

ये भी पढ़ें: क्वेटा पहुंचने से पहले फुटबॉल टीम पर बंदूकधारियों का धावा, पाकिस्तान में खिलाड़ियों से मोबाइल-नकदी लूटी

पंडालों में नशे और अश्लील कार्यक्रमों से बचने की अपील

डीएम ने कहा कि दुर्गा पूजा पंडाल, रामलीला और विसर्जन के दौरान कोई भी व्यक्ति मादक पदार्थों का सेवन न करे। आयोजकों से अश्लील गाने और नृत्य से भी परहेज करने को कहा गया। उन्होंने बरकछा स्थित खंडजा फॉल मार्ग पर पुलिस चौकी के सामने निर्धारित विसर्जन स्थल पर बैरिकेडिंग, पार्किंग, प्रकाश व्यवस्था, गोताखोर और अनाउंसमेंट सिस्टम समेत सभी व्यवस्थाएं समय से पूरा कराने के निर्देश दिए।

पंडालों में CCTV और फायर मशीन अनिवार्य

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने पूजा समितियों को पंडालों में CCTV कैमरे अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश दिए। जुलूस के मार्ग को पहले से निर्धारित कर संबंधित थानाध्यक्ष को उपलब्ध कराने को कहा गया।

उन्होंने कहा कि पूजा पंडाल, रामलीला स्थल और दशहरा मेले में पर्याप्त पुलिस बल के साथ PAC और होमगार्ड जवान भी तैनात रहेंगे। किसी भी जुलूस में अस्त्र-शस्त्र के इस्तेमाल की अनुमति नहीं होगी। एसपी ने कहा कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर साइबर सेल की नजर रहेगी। गलत सूचना या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ FIR दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति नशे में या किसी अन्य तरीके से पूजा पंडाल, रामलीला स्थल या विसर्जन के दौरान उपद्रव करता है तो तत्काल संबंधित थानाध्यक्ष को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

ये भी पढ़ें: Ram Mandir Chadhawa Chori: 4 जून को मिली थी चोरी की खबर, 25 को FIR; चार्जशीट में चंपत राय का नाम गवाह के तौर पर

ढीले तार और जर्जर खंभे दुरुस्त करने के निर्देश

डीएम ने लोक निर्माण विभाग, जल निगम और नगर निकाय के अधिकारियों को पूजा पंडाल, रामलीला और दशहरा मेला स्थलों तक जाने वाले मार्गों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग को ढीले तारों और जर्जर खंभों को दुरुस्त करने तथा पूजा पंडालों में सुरक्षित विद्युत वायरिंग सुनिश्चित करने को कहा गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी पंडाल हाईटेंशन तार के नीचे नहीं लगाया जाए और प्रत्येक पंडाल में फायर मशीन की व्यवस्था अनिवार्य रूप से रखी जाए।

डीएम ने जल निगम के अधिकारियों को सड़कों पर खोदे गए गड्ढों की मरम्मत जल्द पूरी कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नवरात्र और दशहरा के दौरान मार्गों और गलियों में अनावश्यक खुदाई से बचा जाए।

ये भी पढ़ें: बच्ची के लिए बैग में रखे थे बिस्कुट-कुरकुरे, मॉल में रोका तो पहुंचा मामला DM तक; PVR पर जुर्माना

लापरवाही पर होगी कार्रवाई

बैठक में आयोजक समितियों ने साफ-सफाई, सड़क मरम्मत, गड्ढों को भरने, विद्युत आपूर्ति और ढीले तारों समेत विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को इन समस्याओं का समय से समाधान कराने के निर्देश दिए और कहा कि त्योहारों की तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Location :  Mirzapur

Published :  29 September 2026, 3:42 PM IST