Mirzapur News: मझवां की आठ समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री से मिलना चाहते हैं पूर्व प्रत्याशी, क्या अब बदलेगी तस्वीर?

मिर्जापुर के मझवां क्षेत्र की आठ समस्याओं को लेकर पूर्व प्रत्याशी रोहित शुक्ला लल्लू ने मुख्यमंत्री से मिलने का समय मांगा है। बंद पड़ी पंप नहरें, जलभराव, टूटी सड़कें, पेयजल संकट और डिग्री कॉलेज की मांग प्रमुख हैं।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 14 October 2026, 3:47 PM IST
google-preferred

Mirzapur: मिर्जापुर के मझवां विधानसभा क्षेत्र में बंद पड़ी पंप नहरों, जलभराव, टूटी सड़कों, पेयजल संकट और राजकीय डिग्री कॉलेज की कमी जैसे मुद्दों को लेकर पूर्व विधानसभा प्रत्याशी रोहित शुक्ला लल्लू ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की मांग की है।

उन्होंने जिलाधिकारी के माध्यम से प्रार्थना पत्र देकर मुख्यमंत्री से मिलने का समय निर्धारित कराने का अनुरोध किया है। पत्र में क्षेत्र की आठ प्रमुख समस्याओं को उठाते हुए संबंधित विभागों से आवश्यक कार्रवाई कराने की मांग की गई है।

बंद पड़ी पंप नहरों से सिंचाई प्रभावित

प्रार्थना पत्र के मुताबिक, मिर्जापुर जनपद में मझवां विधानसभा क्षेत्र सहित विभिन्न स्थानों पर 20 से अधिक पंप नहरें बंद पड़ी हैं। इनमें सरोई की छह पंप नहरें भी शामिल बताई गई हैं। नहरों के बंद रहने से किसानों को खेतों की सिंचाई में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खेती के लिए पानी की उपलब्धता प्रभावित होने की शिकायत के साथ इन पंप नहरों को चालू कराने की मांग उठाई गई है।

मिर्जापुर में शारदीय नवरात्र की धूम: दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी के दरबार में उमड़े श्रद्धालु, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

आमघाट ओवरब्रिज पर सुरक्षा उपायों की मांग

आमघाट ओवरब्रिज पर दुर्घटनाओं में अब तक चार लोगों की मौत होने का उल्लेख करते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की गई है। प्रार्थना पत्र में दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए बैरिकेडिंग, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और दूसरे जरूरी सुरक्षा उपाय तत्काल सुनिश्चित कराने का आग्रह किया गया है। इस मुद्दे को सड़क सुरक्षा से जुड़ी प्रमुख समस्या के रूप में उठाया गया है।

कछवां में जलभराव, अंडरपास में आवाजाही की परेशानी

कछवां नगर पंचायत के कई वार्डों में गंदे पानी की समुचित निकासी नहीं होने से जलभराव की समस्या बताई गई है। इसके अलावा बारिश के दौरान रेलवे अंडरपास में पानी भरने से आवागमन बाधित होने की शिकायत भी की गई है। ऐसी स्थिति में स्थानीय लोगों और राहगीरों को आने-जाने में परेशानी झेलनी पड़ती है। पत्र में जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने और अंडरपास की समस्या का समाधान करने की मांग शामिल है।

वन अनुमति और जर्जर सड़कों का मुद्दा

दांती, मनोहरपुर, मरगड़ा कला और दुबहां समेत कुछ गांवों में वन विभाग से संबंधित अनुमति के अभाव में सड़क निर्माण प्रभावित होने का मुद्दा उठाया गया है। साथ ही सिटी ब्लॉक, पहाड़ी ब्लॉक और मझवां ब्लॉक के क्षतिग्रस्त संपर्क मार्गों की मरम्मत और पुनर्निर्माण कराने का अनुरोध किया गया है, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिल सके।

यूपी से जुड़ी बड़ी खबर: पूर्व IAS दिव्या मित्तल मिर्जापुर नगर से लड़ सकती हैं 27 का विधानसभा चुनाव, 29 में भी ठोकेंगी ताल

नल कनेक्शन के बाद भी पानी का इंतजार

जल जीवन मिशन के तहत कुछ गांवों में पाइपलाइन नहीं पहुंचने, जबकि अन्य स्थानों पर पाइपलाइन बिछने के बावजूद पानी की आपूर्ति नहीं होने की शिकायत की गई है। इसके अलावा मझवां ब्लॉक में राजकीय डिग्री कॉलेज स्थापित कराने की मांग भी उठाई गई है। रोहित शुक्ला लल्लू ने मुख्यमंत्री से मुलाकात का समय तय कराने और संबंधित विभागों के जरिए समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। अब इन मांगों पर प्रशासन और संबंधित विभागों की कार्रवाई पर क्षेत्रवासियों की नजर रहेगी।

Location :  Mirzapur

Published :  14 October 2026, 3:47 PM IST

Related News

Advertisement