हिंदी
मां ब्रह्मचारिणी पूजा (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Mirzapur: शारदीय नवरात्र का पावन पर्व पूरे देश के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में स्थित मां विंध्यवासिनी धाम में पूरी भव्यता और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। पर्व के पहले दिन जहां मां शैलपुत्री की आराधना की गई, वहीं नवरात्र के दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी के अलौकिक स्वरूप की पूजा-अर्चना की जा रही है। विंध्याचल की पवित्र वादियों और मां गंगा के पावन तट पर विराजमान आदिशक्ति के इस दिव्य रूप के दर्शन के लिए दूर-दूर से भक्त पहुंच रहे हैं।
माता ब्रह्मचारिणी का यह स्वरूप समस्त प्राणियों को सदाचार और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। श्वेत वस्त्र धारण किए हुए, एक हाथ में कमंडल और दूसरे हाथ में जपमाला सुशोभित किए मां का यह रूप अत्यंत शांत, वंदनीय और कष्टों का निवारण करने वाला है। विंध्य धाम में आने वाले हर श्रद्धालु की मन्नतें मां ब्रह्मचारिणी पूरी करती हैं और उनके सभी दुखों को दूर करती हैं।
मेले के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने व्यापक प्रबंध किए हैं। पूरे मेला क्षेत्र को सुरक्षा की दृष्टि से 10 जोन और 21 सेक्टर में विभाजित किया गया है। मेला परिसर की निगरानी के लिए 220 से अधिक सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन कैमरों का उपयोग किया जा रहा है, जिससे हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा सके।
शीर्ष प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए क्षेत्र का सघन भ्रमण किया। इस दौरान-
इन सभी अधिकारियों ने संयुक्त रूप से गंगा नदी के घाटों, रेलवे स्टेशन और प्रमुख चौराहों पर बनाए गए बैरियर पॉइंट्स व सुरक्षा प्रबंधों का बारीकी से निरीक्षण किया।
एडीजी जोन नवीन अरोड़ा ने निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नवरात्र मेले में आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन-पूजन में किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की सक्रियता से श्रद्धालुओं में सुरक्षित और उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिल रहा है, जहां हर कोई मां विंध्यवासिनी और ब्रह्मचारिणी के जयकारों के साथ अपनी हाजिरी लगा रहा है।
Location : Mirzapur
Published : 12 October 2026, 12:11 PM IST