
मेरठ में सनसनीखेज हत्याकांड (Img- Dynamite News)
Meerut: मेरठ के हस्तिनापुर में स्कूल संचालक की मौत का मामला अब एक खौफनाक मर्डर मिस्ट्री बनकर सामने आया है। जिस मौत को शुरुआत में सांप के डसने की घटना माना जा रहा था, वह दरअसल बेहद शातिर तरीके से रची गई हत्या निकली। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि स्कूल संचालक की पत्नी ने अपने प्रेमी, स्कूल वैन ड्राइवर और दो सपेरों के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की साजिश बनाई। पहले दूध में नींद की गोलियों की ओवरडोज देकर बेहोश किया गया और फिर जहरीला सांप कंबल में छोड़कर उसे डसवाया गया। पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले में पत्नी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
यह मामला हस्तिनापुर थाना क्षेत्र का है। शुक्रवार सुबह करीब छह बजे 32 वर्षीय स्कूल संचालक अतुल कुमार का शव किराए के मकान में बेड पर मिला। पत्नी दामिनी और परिवार के लोग उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शुरुआत में इसे सांप के काटने से हुई मौत बताया गया, लेकिन मृतक के परिजनों ने पत्नी पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत कर दी। इसके बाद पुलिस ने कॉल डिटेल खंगाली तो स्कूल वैन ड्राइवर तुषार से लगातार बातचीत सामने आई। हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने पूरी साजिश का खुलासा कर दिया।
आरोपियों ने पहले अतुल को दूध में नींद की गोलियों की ओवरडोज दी, जिससे वह गहरी नींद में चले गए। इसके बाद जहरीले सांप को उनके कंबल में छोड़ दिया गया। जांच के दौरान अतुल के दाएं पैर पर सांप के काटने के निशान मिले। पत्नी ने शुरुआती पूछताछ में दावा किया था कि वह रात करीब दो बजे छह साल के बेटे को लेकर दूसरे कमरे में सोने चली गई थी और सुबह लौटने पर पति को मृत अवस्था में पाया। चादर हटाने पर सांप दिखाई देने की बात भी उसने पुलिस को बताई थी, लेकिन जांच में उसकी कहानी झूठी साबित हुई।
अतुल कुमार बहसूमा थाना क्षेत्र के भंडोरा गांव के रहने वाले थे। वह पत्नी दामिनी और छह साल के बेटे के साथ हस्तिनापुर में किराए के मकान में रहते थे। दोनों पिछले चार वर्षों से कृष्ण किड्स प्ले स्कूल का संचालन कर रहे थे, जिसमें नर्सरी से पांचवीं तक करीब 150 बच्चे पढ़ते हैं। अतुल तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके पिता खेती करते हैं, जबकि बड़ा भाई सेना से रिटायर है। सात साल पहले अतुल और दामिनी ने प्रेम विवाह किया था।
सीओ मवाना पंकज लवानिया ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची थी। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए और तकनीकी जांच के आधार पर ड्राइवर तुषार को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने हत्या की पूरी साजिश स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने पत्नी दामिनी, ड्राइवर तुषार और दो सपेरों सोनू के साथ उदय को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब मामले के सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है।
Location : Meerut
Published : 18 July 2026, 8:30 AM IST